बक्सर पुलिस और पश्चिम बंगाल की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने मिलकर एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बक्सर जिले से सत्यम कुमार नाम के एक युवक को पकड़ा है, जिस पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के पुराने पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या में शामिल होने का आरोप है। सत्यम कुमार बक्सर के इटाढ़ी थाना क्षेत्र के पिपरपांती गांव का रहने वाला है, जिसे अब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पश्चिम बंगाल की स्पेशल टास्क फोर्स को खुफिया जानकारी मिली थी कि चंद्रनाथ रथ की हत्या का एक आरोपी बिहार में छिपा है। इस सूचना पर बंगाल से आई टीम ने बक्सर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा इलाके में स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर छापेमारी की। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मोबाइल लोकेशन का पीछा करते हुए सत्यम कुमार को पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे कानूनी प्रक्रिया के लिए बक्सर की स्थानीय अदालत में पेश किया गया।
यह भी पढ़ें: नशेड़ी बेटे से तंग आकर दी 5 लाख की सुपारी, हत्या कर लाश नहर में फेंक दी
कोलकाता मिला शव
यह मामला तब चर्चा में आया जब सुवेंदु अधिकारीके पीए चंद्रनाथ रथ की लाश कोलकाता के पास एक इलाके से बरामद हुई थी। शुरुआत में इस मौत को लेकर कई तरह के अनुमान लगाए जा रहे थे लेकिन पुलिस जांच में यह साफ हो गया कि चंद्रनाथ रथ की हत्या की गई थी। मृतक नेता के बेहद करीबी थे इसलिए बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स इस मामले की बारीकी से जांच कर रही थी।
मोबाइल लोकेशन से खुला राज
जांच के दौरान स्पेशल टास्क फोर्स को कई महत्वपूर्ण तकनीकी सुराग मिले। पुलिस ने जब संदिग्ध मोबाइल नंबरों और लोकेशन की जांच की तो उसके तार बिहार के बक्सर जिले से जुड़े पाए गए। इसी जांच में सत्यम कुमार का नाम सामने आया। पुलिस के मुताबिक, सत्यम इस पूरी हत्या की साजिश और इसे अंजाम देने वाले अपराधियों के संपर्क में था और घटना के बाद से ही वह पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।
यह भी पढ़ें: ओप्पो और रियलमी का नकली खेल खत्म, करोल बाग में पुलिस ने पकड़ी फर्जी फैक्ट्री
पूछताछ के लिए बंगाल ले गई पुलिस
बक्सर की अदालत में पेशी के बाद बंगाल पुलिस ने सत्यम कुमार की ट्रांजिट रिमांड मांगी जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया। अब स्पेशल टास्क फोर्स आरोपी को पश्चिम बंगाल ले गई है। वहां उससे यह पूछताछ की जाएगी कि इस हत्या के पीछे मुख्य वजह क्या थी और इस गुट में और कौन-कौन से पेशेवर अपराधी शामिल हैं। पुलिस को उम्मीद है कि सत्यम से इस हत्याकांड के मास्टरमाइंड और अन्य फरार शूटरों के बारे में जरूरी जानकारी मिलेगी।
