दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम के एक फाइव स्टार होटल में एक इंजीनियर की मौत का मामला सामने आया है। होटल स्टाफ को होटल के बाथरूम में आईटी इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितिों में लाश मिली। बाथरूम में लाश मिलते ही होटल में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि वह इंजीनियर बेंगलुरु से काम के लिए गुरुग्राम आया था। होटल स्टाफ को बाथरूम में शव मिला तो उन्होंने तुरंत पुलिस को फोन किया। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। 

 

यह मामला गुरुग्राम के सेक्टर-29 में स्थित होटल क्राउन प्लाजा का है। इसी होटल में वह इंजीनियर ठहरा था। पुलिस को मृतक के शरीर से कहीं भी चोट या मारपीट के निशान नहीं मिले। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि उसकी मौत हार्ट अटैक से हुई होगी। हालांकि, अभी तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने नहीं आई है। रिपोर्ट आने के बाद ही पुलिस भी मौत के कारणों के बारे में जानकारी दे पाएगी। 

 

यह भी पढ़ें: डिप्टी CM बनेंगी सुनेत्रा पवार! NCP के दोनों गुटों का विलय भी संभव

जांच में जुटी पुलिस 

पुलिस की एक टीम ने मौके पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लिया और रूम से सबूत जुटाने की कोशिश की। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस होटल में लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। इस घटना के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। 

विदेशी नागरिकों के साथ ठहरा था

मृतक की पहचान विजय के रूप में हुई है। वह कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु का ही रहने वाला था और वहीं एक आईटी कंपनी में नौकरी करता था। वह कुछ विदेशी नागरिकों के साथ होटल में ठहरा था। कंपनी ने ही उनके लिए होटल बुक करवाया था।

 

होटल स्टाफ रूम की सफाई के लिए पहुंचा था लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला। कुछ समय बाद होटल में कंपनी से फोन आया की विजय फोन नहीं उठा रहा और ऑफिस नहीं पहुंचा। इसके बाद होटल मैनेजर को सूचना दी गई। इसके बाद मैनेजर ने मास्टर-की से दरवाजा खोला और स्टाफ अंदर गया। अंदर जाकर उन्हें विजय की लाश दिखी। 

 

यह भी पढ़ें: जन्मदिन और शादी की सालगिरह पर पुलिसवालों को मिलेगी अनिवार्य छुट्टी, आदेश जारी

हार्ट अटैक से मौत?

होटल स्टाफ ने तुरंत डॉक्टर और पुलिस को फोन किया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया और मामले की जांच शुरू की। मृतक के परिवार और कंपनी को सूचना दे दी गई है। उसके परिवार वाले गुरुग्राम पहुंच रहे हैं। पुलिस को अभी इस मामले में हत्या का कोई सबूत नहीं मिला है और आशंका है कि हार्ट अटैक से मौत हुई है। हालांकि, पुलिस अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।