बिहार पुलिस अब पहले से ज्यादा फुर्तीली और हाईटेक हो गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पुलिस विभाग को 84 नई गाड़ियों की चाबी सौंपते हुए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें 48 पुलिस बसें, 30 नई स्कॉर्पियो और 6 अत्याधुनिक एंबुलेंस शामिल हैं। सीएम की इस सौगात के बाद उम्मीद है कि राज्य में कानून-व्यवस्था और भी मजबूत होगी और अपराधियों पर लगाम कसने में पुलिस को बड़ी मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री सचिवालय के परिसर में शुक्रवार को माहौल उत्सव जैसा था। पुलिस के जवान और अधिकारी नई गाड़ियों के साथ कतार में खड़े थे। मुख्यमंत्री खुद मौके पर पहुंचे और एक-एक कर सभी वाहनों का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने हरी झंडी दिखाकर इन गाड़ियों को जिलों के लिए रवाना किया।
यह भी पढ़ें: 'टाइम बम बना रहे थे', गुजरात में जैश से जुड़े 5 आतंकी कैसे पकड़े गए?
जानकारी के अनुसार पुलिस विभाग को कुल 48 नई पुलिस बसें मिली हैं। इसके अलावा 30 स्कॉर्पियो गाड़ियां भी बेड़े में शामिल की गई हैं। सबसे खास बात यह रही कि विभाग को 6 अत्याधुनिक एंबुलेंस भी मिली हैं। सीएम ने कहा कि सरकार का मकसद पुलिस को हर जरूरी संसाधन उपलब्ध कराना है ताकि आम लोगों को त्वरित न्याय और सुरक्षा मिल सके।
गश्त और रिस्पांस टाइम होगा तेज
नई स्कॉर्पियो और पुलिस बसों के आने से जिलों में गश्त और ज्यादा तेज हो सकेगी। अभी तक कई जिलों में वाहनों की कमी की वजह से पुलिस को परेशानी होती थी। अब हर थाने और जिले को नए वाहन मिलने से पुलिस अपराध की सूचना मिलते ही कम समय में घटनास्थल तक पहुंच सकेगी। अधिकारियों का कहना है कि इन गाड़ियों से बड़े अभियानों को अंजाम देना, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और संवेदनशील इलाकों में तुरंत कार्रवाई करना आसान होगा।
वीआईपी सुरक्षा, चुनाव ड्यूटी और भीड़ नियंत्रण जैसे कामों में भी पुलिस बसें काफी मददगार साबित होंगी। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन वाहनों का इस्तेमाल सिर्फ दिखावे के लिए नहीं बल्कि फील्ड में एक्टिव पुलिसिंग के लिए किया जाए।
एंबुलेंस से घायलों को मिलेगा तुरंत इलाज
पुलिस को मिली 6 अत्याधुनिक एंबुलेंस इस बार की सबसे बड़ी खासियत हैं। इन एंबुलेंस में जरूरी मेडिकल उपकरण और प्राथमिक उपचार की पूरी व्यवस्था है। अधिकारियों के मुताबिक इन एंबुलेंस का इस्तेमाल सिर्फ पुलिसकर्मियों के लिए ही नहीं होगा। दुर्घटना, मुठभेड़, बाढ़ या किसी अन्य आपात स्थिति में घायल पुलिसकर्मियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी समय पर अस्पताल पहुंचाने में ये एंबुलेंस मदद करेंगी।
यह भी पढ़ें: तीसरी बार चाबहार पोर्ट पर हमला, मलबे के ढेर में तब्दील हुआ कंट्रोल टावर
पहले कई बार ऐसा होता था कि मुठभेड़ या हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने में देरी हो जाती थी। अब इन एंबुलेंस से रिस्पांस टाइम घटेगा और जान बचाने में मदद मिलेगी। मौके पर बोलते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने एक बार फिर अपराधियों को कड़ी चेतावनी दी।
उन्होंने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा। सीएम ने कहा कि अपराधियों के पास अब सिर्फ दो ही रास्ते हैं। या तो वे बिहार छोड़कर चले जाएं या फिर जेल जाने के लिए तैयार रहें। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि सरकार संसाधनों की कोई कमी नहीं आने देगी, लेकिन काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
