बिहार के जमुई जिले के सिमुलतला थाना क्षेत्र से रिश्ते और इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक पर अपनी ही 7 वर्षीय ममेरी बहन के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। आरोपी बच्ची को गांव के पास स्थित पहाड़ी और जंगली इलाके में ले जाकर वहां वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पीड़िता के पिता ने सिमुलतला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

 

शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार देर रात पुलिस पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल लाई। महिला चिकित्सक ने मासूम का मेडिकल जांच किया। मेडिकल के बाद पीड़िता का बयान कोर्ट में दर्ज कराया जाएगा। पुलिस ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट और कोर्ट में दिए गए बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार आरोपी का भी मेडिकल कराने के बाद उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।

 

यह भी पढ़ें: खेत में निकला मगरमच्छ, पीठ पर लादकर युवक पहुंचा थाने; पुलिसवाले भी हैरान

बहला-फुसलाकर जंगल ले गया था युवक

पीड़ित पिता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि घटना के समय वह काम पर गए हुए थे और उनकी 7 वर्षीय बेटी घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान रिश्ते में भांजा लगने वाले युवक ने बच्ची को बहला-फुसलाकर गांव से सटे पहाड़ी-जंगली क्षेत्र में ले जाकर दुष्कर्म किया और फरार हो गया। पिता ने बताया कि पड़ोसी ने उन्हें घटना की जानकारी दी। जब वह घर पहुंचे तो देखा कि बेटी की तबीयत खराब है। वह घर की ओर आ रही है। बच्ची को रक्तस्राव भी हो रहा था। इसके बाद परिजन तुरंत बच्ची को एक निजी अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची ने पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने दुष्कर्म की घटना से इनकार किया है। हालांकि उसने नशे की हालत में रहने की बात स्वीकारी है।

मेडिकल रिपोर्ट से होगा सच का खुलासा

सिमुलतला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ IPC की संबंधित धाराओं और PSCO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि बच्ची का मेडिकल जांच कराया जा रहा है। मेडिकल रिपोर्ट आने और कोर्ट में बच्ची का बयान दर्ज होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि घटना दुष्कर्म की है या दुष्कर्म का प्रयास। जमुई सदर अस्पताल की महिला चिकित्सक ने बच्ची का मेडिकल किया। डॉक्टरों के अनुसार मेडिकल रिपोर्ट 2-3 दिन में आ जाएगी। इसके बाद पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू करेगी। पुलिस ने बच्ची और परिजन के बयान भी दर्ज किए हैं। साथ ही घटना स्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए FSL की टीम को भी बुलाया गया है।

 

यह भी पढ़ें: गुना में बाइक रोककर युवती से गैंगरेप, साथी से मारपीट और लूट

 

पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और अक्सर शराब पीकर घर आता था। घटना के दिन भी वह नशे में था। इसी का फायदा उठाकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया। पूरे मामले को लेकर जमुई के मुख्यालय DSP अफताब अहमद ने कहा कि सिमुलतला थाना क्षेत्र में 7 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म की घटना सामने आई है। पीड़ित पिता के बयान पर तुरंत FIR दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल कराया जा रहा है। DSP ने कहा कि पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। मेडिकल रिपोर्ट और कोर्ट में बयान के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।