बिहार के मधेपुरा जिले में अपराधियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुरैनी थाना क्षेत्र में सोमवार शाम बदमाशों ने नरदह पंचायत की मुखिया रीता देवी के पति और मुखिया प्रतिनिधि विकास कुमार उर्फ विक्की मेहता (30) की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात नया टोला चौक के पास हुई। यहां दो बाइक पर सवार 4 से 5 बदमाशों ने विक्की को घेरकर फायरिंग शुरू कर दी। उन्हें 5 से 7 गोलियां लगीं और वह मौके पर ही गिर पड़े। इसके बाद बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गए।

 

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में विक्की को पुरैनी होते हुए JNKT मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे पुरैनी इलाके में हड़कंप मच गया।

 

यह भी पढ़ें: कटिहार में ट्रेन से 4 विदेशी धराए, म्यांमार के युवक के साथ 3 नाबालिग लड़कियां

काम से लौट रहे थे विक्की

मृतक की पत्नी और नरदह पंचायत की मुखिया रीता देवी ने बताया कि सोमवार को नरदह सरकार भवन में मनरेगा का काम चल रहा था। विक्की खुद वहां मौजूद रहकर काम करा रहे थे। शाम करीब 5 बजे काम खत्म कराने के बाद वह बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह नया टोला चौक के पास पहुंचे वहां पहले से घात लगाए बैठे दो बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने बेहद करीब से फायरिंग शुरू कर दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए। जब तक लोग कुछ समझ पाते बदमाश फायरिंग कर वहां से फरार हो चुके थे। मुखिया रीता देवी ने बताया कि विक्की के सीने, पेट और सिर में कई गोलियां लगी थीं।

 

घटना के बाद परिजन विक्की को आनन-फानन JNKT मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल के उपाध्यक्ष भास्कर कुमार ने बताया कि जब मरीज को अस्पताल लाया गया तो उसकी हालत बेहद गंभीर थी। तुरंत ECG किया गया जिसमें वह मृत पाए गए। शरीर पर 5 से 7 गोलियों के जख्म के निशान बताए जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि कितनी गोलियां लगी थीं और किस दिशा से फायरिंग हुई।

 

यह भी पढ़ें: बिहार पुलिस चालक सिपाही भर्ती में सेटिंग का खेल, 5 गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

बताया जा रहा है कि विकास कुमार उर्फ विक्की मेहता इलाके में मुखिया प्रतिनिधि के तौर पर काम कर रहे थे। हालांकि उनका नाम आपराधिक मामलों में भी चर्चा में रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वह कई मामलों में वांटेड थे। वहीं परिजनों ने इस हत्या के पीछे दुर्गा यादव, नीतीश राणा, अमित चौधरी समेत कई लोगों का नाम लिया है। परिजनों का आरोप है कि इन्हीं लोगों ने साजिश रचकर विक्की की हत्या करवाई है। हालांकि पुलिस ने अभी इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान और आरोपों के आधार पर हर एंगल से जांच की जा रही है।

 

वारदात के पीछे की वजह को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस पुरानी रंजिश के एंगल से भी जांच कर रही है। इसके अलावा पंचायत में वर्चस्व और मनरेगा के काम को लेकर विवाद की बात भी सामने आ रही है। आपराधिक गैंगवार के एंगल से भी जांच की जा रही है। घटना के बाद पुरैनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। चौक के आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की जा रही है।

 

दिनदहाड़े मुखिया प्रतिनिधि की हत्या के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश भी है। मुखिया संघ ने प्रशासन से जल्द हत्यारों को गिरफ्तार करने और पंचायत प्रतिनिधियों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।