संजय सिंह, पटना। बिहार के सासाराम से एक बेहद चौंकाने वाली और विचलित करने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया है। कुसडिहरा गांव में एक 25 साल के शादीशुदा युवक ने पारिवारिक विवाद के बाद ऐसा कदम उठा लिया, जिसकी चर्चा हर जुबान पर है।

 

जानकारी के अनुसार, युवक का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि यह विवाद धीरे-धीरे तनाव में बदल गया। इसी मानसिक दबाव में आकर युवक गांव के एक शिव मंदिर पहुंचा, जहां उसने धारदार हथियार से खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया।

 

यह भी पढ़ें: बिहार: 7 मई को सम्राट सरकार का विस्तार, जानें कैबिनेट में किसे मिलेगा मौका

शरीर के अन्य हिस्सों को पहुंचा नुकसान

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक ने अपने गुप्तांग को काटकर भगवान को अर्पित करने की कोशिश की। घटना यहीं नहीं रुकी। युवक ने उसी हथियार से अपने शरीर के अन्य हिस्सों को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। इसी दौरान आसपास के लोगों की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद तत्काल उसके परिजनों को सूचना दी गई। परिजन और ग्रामीण बिना देर किए उसे गंभीर हालत में सदर अस्पताल सासाराम ले गए।

अस्पताल में किया जा रहा है इलाज

अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन युवक की हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, युवक को गुप्तांग और गर्दन में गहरे जख्म आए हैं, जिससे उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। इस मामले पर सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन ने बताया कि युवक ने अपने अंग को पूरी तरह से काट दिया है। उन्होंने आशंका जताई कि इस तरह की घटना के पीछे गहरे मनोवैज्ञानिक कारण हो सकते हैं।

 

यह भी पढ़ें: खुद को राहुल गांधी का करीबी बताकर, महिला से ठगे 25 लाख रुपये; हुआ फरार

मानसिक स्वास्थ्य पर स्थायी असर 

डॉक्टरों का कहना है कि समय पर इलाज मिलने से युवक की जान बचने की उम्मीद है, लेकिन इस घटना का उसके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर स्थायी असर पड़ सकता है। हैरानी की बात यह है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद अभी तक किसी भी प्रकार की पुलिस शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि, गांव और आसपास के इलाकों में इस घटना की चर्चा तेजी से फैल रही है और लोग इसे लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं।

मानसिक तनाव के कारण हुई घटना

विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की घटनाएं मानसिक तनाव, पारिवारिक विवाद और भावनात्मक असंतुलन का परिणाम हो सकती हैं। ऐसे मामलों में समय रहते संवाद, काउंसलिंग और सहयोग बेहद जरूरी होता है, ताकि स्थिति इस हद तक न पहुंचे।