राजस्थान के बीकानेर सिटी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष और पूर्व IPS अधिकारी मदन गोपाल मेघवाल के साथ बुधवार को मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा गया कि कांग्रेस से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं ने उन्हें थप्पड़ और घूंसे मारे। मेघवाल वार्ड-50 में कांग्रेस प्रत्याशी नवरतन डागा के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करने पहुंचे थे।
मेघवाल का आरोप है कि पार्टी कार्यकर्ता मोहित अरोड़ा और उसके तीन साथियों ने उन्हें माला पहनाने और स्वागत करने के बहाने बाहर बुलाया। वहां पहले उन्हें मिठाई दी गई। इसके बाद मोहित ने टिकट नहीं मिलने को लेकर सवाल किया। मेघवाल के मुताबिक, उन्होंने कहा कि पार्टी से टिकट हर कोई मांगता है लेकिन टिकट किसी एक व्यक्ति को ही मिलता है। इसी बात के बाद चारों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें: गैंगस्टर एक्ट में कुर्क हुई कोठी, अफजाल परिवार को वापस कैसे मिली? इनसाइड स्टोरी
दो दिन से टिकट मांग रहा था मोहित
मदन गोपाल मेघवाल ने बताया कि मोहित अरोड़ा पिछले दो दिनों से उनके आसपास घूम रहा था और वार्ड-50 से कांग्रेस का टिकट मांग रहा था। मंगलवार को वह पार्टी कार्यालय भी आया था। उस समय मेघवाल ने उसका स्वागत करते हुए उसके गले में पार्टी का दुपट्टा डाला था।
यह भी पढ़ें: मलेरिया से बचाव की दवा बनी जानलेवा? 52 लोग पहुंचे अस्पताल, 7 साल की बच्ची की मौत
बुधवार को मोहित अपने कुछ साथियों के साथ वार्ड-50 के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचा। मेघवाल के अनुसार, वह कार्यक्रम में पीछे खड़ा था और कांग्रेस के समर्थन में नारे भी लगा रहा था। मारपीट के बाद मेघवाल ने आरोप लगाया कि हमला करने वाले कांग्रेस से जुड़े कार्यकर्ता हैं। उन्होंने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस मामले ने यह साबित कर दिया है कि कांग्रेस गुंडों को टिकट नहीं देती।
