बिहार के रोहतास जिले के बिक्रमगंज में अपराधियों ने एक बार फिर कानून को खुली चुनौती दी है। दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने तेंदुनी चौक पर स्थित एक गहनों की दुकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने लूट लिए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान में जुटी है। घटना बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के आरा रोड पर स्थित हीरा आभूषण भंडार की है। दुकान के मालिक प्रमित कुमार ने पुलिस को बताया कि 5 अपराधी दो बाइक पर सवार होकर आए थे। 

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर में अचानक दो बाइक दुकान के सामने रुकीं। बाइक से 5 युवक उतरे और सीधे दुकान के अंदर घुस गए। सभी के हाथों में हथियार थे। अंदर घुसते ही बदमाशों ने हथियार लहराकर दहशत फैला दी और दुकानदार व ग्राहकों को चुप रहने की धमकी दी। दुकान मालिक ने बताया कि बदमाशों ने मात्र कुछ मिनटों में ही काउंटर में रखे सोने और चांदी के गहने समेट लिए। बैग में गहने भरने के बाद सभी बाइक पर सवार होकर आरा रोड की तरफ फरार हो गए। लूट की कुल रकम कितनी है इसका आकलन किया जा रहा है लेकिन शुरुआती अनुमान के मुताबिक कई लाख रुपये के गहने ले गए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और लोग सड़कों पर जमा हो गए।

 

यह भी पढ़ें: पाकिस्तानी नंबरों से चल रही थी साइबर ठगी, जमुई में रैकेट का भंडाफोड़

पुलिस ने शुरू की छापेमारी, CCTV खंगाल रही

सूचना मिलते ही बिक्रमगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने सबसे पहले दुकान और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया। सीसीटीवी में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में दिख रहा है कि बदमाश कैसे बाइक से आए, दुकान में घुसे और कुछ ही मिनट में लूट कर फरार हो गए। पुलिस फुटेज के आधार पर बाइक का नंबर और बदमाशों के हुलिए की पहचान करने में जुटी है।

 

यह भी पढ़ें: 3 दिन शव के पास बैठी रही पत्नी, पैसे नहीं थे तो चंदा जुटाकर हुआ अंतिम संस्कार

 

एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जिले भर में नाकेबंदी कर दी गई है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और लूटा हुआ माल भी बरामद किया जाएगा। इस दिनदहाड़े लूट की वारदात के बाद बिक्रमगंज के बाजार में दहशत का माहौल है। सराफा कारोबारियों ने पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। दुकानदारों का कहना है कि दिन में इस तरह की घटना से साबित होता है कि अपराधियों में पुलिस का कोई डर नहीं है।