त्रिपुरा में बॉक्सानगर से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) विधायक तफज्जल हुसैन अपने एक बयान को लेकर बड़ी मुसीबत में फंस गए हैं। प्रदेश में 17 नवंबर को शहरी स्थानीय निकाय चुनाव होने वाले है जिसकी तैयारियां चल रही है। एक चुनावी सभा के दौरान आदिवासी समुदाय की जीवनशैली और खान-पान को लेकर की गई उनकी कथित टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद पूरे राज्य में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। मामले को तूल पकड़ता देख बीजेपी ने विधायक को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है।
यह नोटिस राज्य पार्टी अनुशासन समिति के संयोजक तपस भट्टाचार्य ने जारी किया है। इसमें विधायक के आचरण पर चिंता जताते हुए कहा गया है कि ऐसे बयानों से पार्टी के अनुशासन और संगठन के हितों को नुकसान पहुंच सकता है। पार्टी ने उनसे 7 दिनों के भीतर अपना पक्ष स्पष्ट करने को कहा है, अन्यथा उचित कार्रवाई की चेतावनी दी है।
यह भी पढ़ें: फर्जी ED नोटिस भेज की वसूली, कांग्रेस सहयोगी संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरफ्तार
क्या है पूरा विवाद?
सिपाहीजला जिले की बॉक्सानगर विधानसभा सीट से विधायक तफज्जल हुसैन ने एक चुनाव प्रचार के दौरान 'तिपरा मोथा पार्टी' पर निशाना साधते हुए आदिवासी समुदाय के खिलाफ टिप्पणी की थी। वायरल वीडियो में वह कथित रूप से यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि तिपरा मोथा जनजातियों की पार्टी है। वह जन्म के बाद से ही सूअरों के साथ सोते हैं, उन्हें पालते हैं और खाते हैं।
इस बयान के सामने आते ही आदिवासी संगठनों और विपक्षी दलों ने इसे नस्लभेदी, अपमानजनक और आदिवासी संस्कृति व पहचान पर सीधा हमला करार दिया। हालांकि, इस मामले में विधायक हुसैन की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।
सीएम और बीजेपी नेताओं की प्रतिक्रिया
विवाद बढ़ने पर त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा कि उन्हें विधायक के कथित बयानों की जानकारी है। उन्होंने बताया कि विधायक ने अपने इस आचरण के लिए पहले ही माफी मांग ली है। साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा कि हर व्यक्ति के भाषण देने का अंदाज एक जैसा नहीं होता।
दूसरी ओर, पार्टी के प्रदेश महासचिव बिपिन देबबर्मा ने भी इस बयान पर असहमति जताई। उन्होंने कहा कि उन्होंने अभी तक वायरल वीडियो की पूरी तरह जांच नहीं की है लेकिन अगर ऐसा बयान दिया गया है तो यह सही नहीं है। देबबर्मा ने कहा कि चाहे बंगाली समाज हो या आदिवासी समाज, हर समुदाय की अपनी खान-पान की आदतें और सांस्कृतिक परंपराएं होती हैं। इनका सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने यह मुद्दा प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक देबरॉय और सीएम के संज्ञान में लाने की बात कही।
आदिवासी संगठनों ने क्या कहा?
इस मुद्दे पर विपक्षी दलों और आदिवासी नेताओं ने पार्टी को जमकर घेरा है। तिपरा मोथा के संस्थापक प्रद्योत किशोर ने इस बयान की तुलना यूट्यूबर आमिर शौकीन की पिछली टिप्पणी से करते हुए कहा कि सत्ता में कोई भी पार्टी आए तिपरासा समुदाय के प्रति ऐसा रवैया नहीं बदलता। उन्होंने कहा, 'सत्ता बदलने से हमारी खाने की आदतें नहीं बदलतीं।' उन्होंने विधायक से माफी की मांग करते हुए उन लोगों की नैतिकता पर भी सवाल उठाए जो बांग्लादेश में गायों की तस्करी करते हैं। सवाल भी पूछा कि त्रिपुरा के लोगों को बताते हैं कि उन्हें क्या खाना चाहिए।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जितेंद्र चौधरी ने बयान को बेहद आपत्तिजनक बताते हुए पार्टी और एनडीए से सवाल किया कि वे आदिवासी समुदाय के साथ खड़े हैं या ऐसे विधायक के साथ। उन्होंने चेतावनी दी कि राज्य में नस्लवाद और भेदभाव को बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए, ताकि त्रिपुरा में मणिपुर जैसे हालात न बनें।
यह भी पढ़ें: हैदराबाद: KFC-डोमिनोज के 9 आउटलेट बंद, इस्तेमाल हो रहा था रीसाइकिल कुकिंग ऑयल
पुलिस में दर्ज हुई शिकायत
इस मामले में वाम मोर्चा से जुड़े आदिवासी संगठन 'ट्राइबल यूथ फेडरेशन' (TYF) ने पश्चिम अगरतला पुलिस स्टेशन में विधायक के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। संगठन ने पुलिस से इस मामले की निष्पक्ष और कानूनी जांच करने तथा राज्य में शांति, सांप्रदायिक सौहार्द और तिपरासा समुदाय के सम्मान की रक्षा के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है।
