उत्तर प्रदेश के राज्यसभा चुनाव में बीजेपी के आठ और समाजवादी पार्टी के दो प्रत्याशियों ने निर्विरोध जीत हासिल की है। बीजेपी प्रत्याशी धर्मपाल सिंह, विद्यासागर सोनकर, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, प्रियंका सिंह रावत, गोपीकृष्ण पांडेय, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार ने जीत का प्रमाण पत्र हासिल कर लिया है।
समाजवादी पार्टी से प्रोफेसर राम गोपाल यादव और धनराज परिमल नाथवानी ने जीत हासिल की। हालांकि धनराज परिमल नाथवानी ने अभी अपना प्रमाण पत्र हासिल नहीं किया है। बाकी सभी प्रत्याशियों ने अपना निर्वाचन प्रमाणपत्र ले लिया है। चुनाव अधिकारी अजीत वर्मा ने शुक्रवार को रिजल्ट की घोषणा की।
यह भी पढ़ें: West Bengal bypolls: बंगाल में TMC-कांग्रेस को झटका, बीजेपी ने दोनों सीटें जीतीं
वोटिंग की नहीं पड़ी नौबत
उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों पर 16 अक्टूबर को मतदान होना था। शुक्रवार को नाम वापसी की आखिरी तारीख थी। किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया और 10 से अधिक उम्मीदवार नहीं होने पर चुनाव की नौबत नहीं है। दो निर्दलीयों ने अपना नामांकन जरूर भरा था, लेकिन जांच में सही नहीं मिलने पर उनके पर्चों को रद्द कर दिया गया।
बयानबाजी तक सीमित रही जोड़-तोड़ की रणनीति
नामांकन से पहले सपा ने संकेत दिया था कि वह तीसरे प्रत्याशी को उतार सकती है। पार्टी ने यह भी दावा किया था कि सत्तारूढ़ दल के विधायक उसके संपर्क में है। बीजेपी ने भी 9वां नामांकन पत्र खरीदकर सियासी हलचल बढ़ा दी थी, लेकिन कोई प्रत्याशी नहीं उतारा। शुक्रवार को नाम वापसी का समय पूरा होने के बाद चुनाव आयोग ने बीजेपी के आठ और सपा के दो प्रत्याशियों को निर्विरोध विजेता घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: 'जेडी वैंस का बयान अनुचित', भारतीय कंपनियों पर अमेरिकी एक्शन पर विदेश मंत्रालय
सपा अध्यक्ष का जताया आभार
निर्विरोध चुनाव जीतने पर धनराज परिमल नाथवानी ने खुशी व्यक्त की और सपा प्रमुख अखिलेश यादव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने एक्स पोस्ट पर लिखा, 'उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए मेरे निर्वाचित होने पर मैं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी का हृदयतल से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त करता हूं। पार्टी के समस्त वरिष्ठ नेतृत्व और माननीय विधायकों का अंतःकरण से आभार, जिन्होंने मुझ पर अटूट विश्वास जताया।'
उत्तर प्रदेश के विकास में काम करूंगा: नाथवानी
नाथवानी ने आगे लिखा, 'उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को लेकर अखिलेश जी के प्रगतिशील विजन को संसद के पटल पर आगे बढ़ाने के लिए मैं पूर्णतः समर्पित रहूंगा। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व के दौरान 12 अक्टूबर को पूर्वाह्न में मैं विधिवत अपना विजय प्रमाण पत्र प्राप्त करूंगा। आप सभी के असीम स्नेह, आशीर्वाद और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद!'
