बिहार के वैशाली जिले में मंगलवार रात गंगा नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह घटना राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद पंचायत के पास हुई है। इस दुर्घटना के समय नाव में बच्चों और युवकों समेत करीब 15 से 20 लोग सवार थे। हादसे के बाद नदी में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों, गोताखोरों और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। इस मामले में खबर लिखे जाने तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। वहीं, कई लोगों को अभी भी लापता बताया जा रहा है। 

 

इस हादसे के बाद वैशाली के डीएम ने 11 मौतों की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने कहा, 'वैशाली जिले के राघोपुर दियारा इलाके में नाव पलटने से 11 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में ज्यादातर नाबालिग बताए जा रहे हैं। सभी लोग नाव से भोज में शामिल होने जा रहे थे। हादसे के बाद जिला पुलिस और SDRF की टीम को मौके पर भेजा गया है। टीम नदी में लापता लोगों की तलाश में जुटी है।'  इसकी जानकारी वैशाली के जिलाधिकारी (DM) ने दी।

 

यह भी पढ़ें: सरकार, संगठन और जनता के बीच तालमेल की परीक्षा से गुजर रही सुक्खू सरकार

भोज में शामिल होने जा रहे थे नाव सवार

नाव पर सवार लोग पास के इलाके में आयोजित एक भोज में शामिल होने जा रहे थे। नाव पर ज्यादातर बच्चे और युवक थे। इसी दौरान गंगा नदी के बीच में नाव पलट गई और सवार लोग पानी में गिर गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और डूब रहे लोगों को बचाने की कोशिश की। कुछ लोगों को पानी से बाहर निकालकर इलाज के लिए राघोपुर फतेहपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हादसे की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। 

 

तेजस्वी यादव ने जताया दुख

राघोपुर से विधायक और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा, 'राघोपुर दियारा क्षेत्र में नाव पलटने की दुर्भाग्यपूर्ण दुखद खबर प्राप्त हुई। डूबने वालों में अधिकांश बच्चे। ईश्वर सबको सुरक्षित रखें। स्थानीय लोगों, प्रशासन और अधिकारियों से वार्ता कर राहत बचाव और उपचार कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया है।'

 

यह भी पढ़ें: सरकार, संगठन और जनता के बीच तालमेल की परीक्षा से गुजर रही सुक्खू सरकार

 

लापता लोगों की तलाश जारी

इस दुर्घटना के समय नाव पर कुल 20 लोगों के सवाल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें से ज्यादातर नाबालिग बच्चे थे। खबर लिखे जाने तक अधिकारियों ने 11 लोगों की मौत की पुष्टि कर दी है लेकिन अभी भी कुछ लोगों की तलाश जारी है। प्रशासन का कहना है कि वे लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं। इस घटना के बाद बिहार में नाव के जरिए नदी पार करने वालों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।