उत्तर प्रदेश की कैसरगंज लोकसभा सीट के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और गोंडा सदर से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायक प्रतीक भूषण सिंह को जान से मारने की धमकी मिलने से राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। मोबाइल फोन पर मिली धमकी में दोनों की हत्या की बात कही गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में धमकी देने वाले का कनेक्शन राजस्थान से जुड़ा मिला है, जिसके बाद गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक 14 जून 2026 को दोपहर करीब 2:22 बजे विधायक प्रतीक भूषण सिंह के मोबाइल फोन पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने धमकी भरे लहजे में कहा कि वह उनकी और उनके पिता की हत्या का इंतजाम कर चुका है। साथ ही चुनौती देते हुए कहा कि यदि बच सकते हो तो बच लो।
धमकी भरी इस कॉल के बाद तत्काल पुलिस अधिकारियों को सूचना दी गई। मामले में विधायक प्रतिनिधि अजय सिंह की ओर से कोतवाली नगर पुलिस को तहरीर दी गई। तहरीर में कहा गया कि विधायक और उनका परिवार पहले भी कई बार आपराधिक तत्वों के निशाने पर रहा है। ऐसे में यह धमकी सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
यह भी पढ़ें: '1 करोड़ के गहने पानी में गल गए, बाकी बंदर ले गए', कोर्ट में बोली पुलिस
राजस्थान से जुड़ा मिला नंबर
पुलिस की प्रारंभिक जांच में जिस मोबाइल नंबर से कॉल की गई, उसका संबंध राजस्थान के अलवर जिले से सामने आया है। नंबर एक व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत मिला है। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटाने और कॉल की पूरी पड़ताल शुरू कर दी है।कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम राजस्थान भेजी गई है। स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर संदिग्ध की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
यह भी पढ़ें: CM की सुपारी का राज: श्रीप्रकाश मरा लेकिन ‘मास्टरमाइंड’ आज भी रहस्य
पुलिस सिर्फ धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भी जांच कर रही है कि कहीं इसके पीछे कोई बड़ी साजिश या संगठित नेटवर्क तो नहीं है। पूर्व सांसद और विधायक को मिली धमकी के बाद सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है।
कोतवाली नगर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। तकनीकी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
