उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के खुर्जा में शनिवार खुशियों की रात उस समय मातम में बदल गई जब चेहरे पर केक लगाने को लेकर तीन लोगों की हत्या हो गई। पुलिस ने बताया कि जन्मदिन का जश्न चल रहा था, तभी चेहरे पर केक लगाने को लेकर हुई मामूली कहासुनी में ट्रिपल मर्डर हो गया। मरने वालों की पहचान अमरदीप सैनी, मनीष सैनी और आकाश सैनी के तौर पर हुई है।

 

पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी जीतू सैनी है। जीतू सैनी का ही जन्मदिन मनाया जा रहा था। वह हत्या करने के बाद अपने साथियों के साथ फरार हो गया। दरअसल, जश्न का कार्यक्रम एक जिम में चल रहा था। इसमें शामिल सभी लोग खुश थे और जिम में ही खुशियां मना रहे थे, इसने में मजाकिया अंदाज में मृतकों ने जीतू सैनी के चेहरे पर केक लगा दिया। इतनी सी बात पर कहासुनी हो गई।

 

यह भी पढ़ें: चूहे कुतर गए करोड़ों की नोट, सुप्रीम कोर्ट ने कहा- भरोसे के लायक नहीं

केक लगाने की बात तीखी बहस में बदली

धीरे-धीरे केक लगाने की बात तीखी बहस में बदल गई और तीन लोगों की हत्या कर दी गई। बुलंदशहर की SP (ग्रामीण) अंतरिक्ष जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि खुर्जा नगर पुलिस स्टेशन को गोलीबारी की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

 

 

 

एसपी ने क्या बताया?

एसपी ने आगे बताया, 'आज देर रात, खुर्जा नगर पुलिस स्टेशन को सूचना मिली कि तीन युवकों को गोली मार दी गई है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। युवकों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ईलाज के दौरान डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाया गया है।'

 

यह भी पढ़ें: 'लॉरेंस ऑफ पंजाब' की रिलीज पर केंद्र की रोक, पंजाब में विरोध के बाद फैसला

परिवार वालों ने बताए नाम 

अंतरिक्ष जैन ने आगे कहा, 'परिवार वालों ने कुछ लोगों के नाम बताए हैं। कारण यह पता चला है कि आरोपियों में से एक का जन्मदिन था, जिस दौरान मृतक ने अपने चेहरे पर केक लगाया था। उनके बीच झगड़ा हुआ था। इसी झगड़े की वजह से आज यह घटना हुई।'

 

पुलिस ने कहा कि आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छह टीमें बनाई गई हैं और कुछ संदिग्धों को पहले ही हिरासत में ले लिया गया है।