संजय सिंह, पटना। बक्सर पुलिस को नशे के कारोबार के खिलाफ एक और बड़ी सफलता मिली है। नया भोजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर 490 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 5 तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करों के पास से एक कार और 5 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
डुमरांव के एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गोपाल डेरा पोखरा के समीप कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के लिए जुटे हैं। सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर छापेमारी की और मौके से 5 संदिग्ध तस्करों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 490 ग्राम ब्राउन शुगर, एक कार और 5 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
यह भी पढ़ें: कुलगाम में आतंकी हमला, दहशतगर्दों ने दो मजूदरों को मारी गोली; एक की मौत
बक्सर से चंपारण तक फैला है तस्करी का नेटवर्क
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बक्सर जिले के मुंगांव निवासी सोनू कुमार, नाजीरगंज निवासी समीर शेख, चिलहरी निवासी सूर्यकांत पांडे, भोजपुर जिले के फुहा निवासी मंजय कुमार पासवान तथा पूर्वी चंपारण जिले के रामनगर निवासी कुमार गौरव के रूप में हुई है।
एसडीपीओ ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला महज स्थानीय स्तर पर नशे की खरीद-बिक्री का नहीं, बल्कि अंतर जिला स्तर पर सक्रिय संगठित गिरोह से जुड़ा दिखाई दे रहा है। गिरफ्तार आरोपियों में पूर्वी चंपारण और भोजपुर के तस्कर भी शामिल हैं, जिससे साफ है कि बक्सर से चंपारण तक नशे की तस्करी का बड़ा नेटवर्क चल रहा था। पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य सुरागों के आधार पर इस नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
स्रोत से लेकर बिक्री तक खंगाली जाएगी पूरी चेन
एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस अब ब्राउन शुगर के स्रोत से लेकर इसकी आपूर्ति और बिक्री तक की पूरी श्रृंखला का पता लगाने में जुटी है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अवैध कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर सभी तस्करों और उनके संरक्षकों को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने जब्त मोबाइलों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। कार के नंबर और उसमें लगे GPS के आधार पर भी रूट ट्रैक किया जा रहा है। एसडीपीओ ने कहा कि इस गिरोह से जुड़े और भी लोग हैं जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में 'प्रॉपर्टी' को मिलेगा आधार कार्ड, रेखा सरकार क्यों उठा रही ऐसा कदम?
पिछले महीने भी पकड़ा गया था तस्कर
नया भोजपुर थाना पुलिस की यह कार्रवाई हाल के दिनों में नशीले पदार्थों के खिलाफ दूसरी बड़ी सफलता है। इससे पहले पुलिस ने असम के कुख्यात तस्कर प्रेम पंडित को 480 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया था। उसकी निशानदेही पर सिमरी थाना क्षेत्र के दुर्गापुडी से एक अन्य तस्कर को भी पकड़ा गया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से जिले में सक्रिय नशा तस्करों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
एसडीपीओ ने बताया कि नशे के कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि अगर उन्हें नशे की खरीद-बिक्री या तस्करी की कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी। पुलिस का दावा है कि बहुत जल्द इस पूरे सिंडिकेट को ध्वस्त कर दिया जाएगा।
