हरियाणा में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। दिनभर तेज धूप और गर्मी से परेशान लोगों को शाम होते-होते राहत मिली लेकिन कई जगह यह राहत आफत भी बन गई। फतेहाबाद, महेंद्रगढ़, कैथल, कुरुक्षेत्र, सिरसा और आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। वहीं चंडीगढ़ और पंचकूला में भी देर शाम बारिश का दौर शुरू हो गया। इस जोरदार बारिश और तेज हवाओं के बीच अंबाला में 152D नेशनल हाईवे पर तीन ट्रक पलट गए। अच्छी बात यह है कि अभी तक किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं मिली है।

 

फतेहाबाद के जाखल क्षेत्र में करीब एक घंटे तक हुई तेज बारिश के कारण कई सड़कों पर 2 फीट तक पानी भर गया। तेज आंधी के चलते पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से कई इलाकों में यातायात और बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई। जाखल-कुलां मुख्य मार्ग पर पेड़ गिरने से करीब एक घंटे तक वाहनों की आवाजाही ठप रही और एक यात्री बस भी रास्ते में फंस गई।

 

यह भी पढ़ें: Bihar News: रिशु श्री घोटाले में बड़ी मछलियों पर एक्शन कब? राजद ने सरकार को घेरा

मोबाइल पर आया गरज-चमक का अलर्ट

मौसम विभाग ने रात 8:15 बजे जारी अलर्ट में प्रदेश के 16 जिलों में अगले तीन घंटों के दौरान तेज हवाओं, धूलभरी आंधी और बारिश की संभावना जताई। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, यमुनानगर, अंबाला और पंचकूला समेत कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया। लोगों को सतर्क रहने की सलाह भी दी।

 

चंडीगढ़ मौसम केंद्र के मुताबिक पंजाब के ऊपर बने चक्रवाती सिस्टम और पहाड़ों की तरफ बढ़ रहे पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम ने अचानक करवट ली है। इसका असर पूरे हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और दिल्ली में देखने को मिलेगा। अगले तीन दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है। इस दौरान कई जगह गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

 

यह भी पढ़ें: हनीट्रैप में फंसीं जज, बदनामी के डर से नौकरानी को बनाया मोहरा; 53 लाख का फ्रॉड

यूपी के 12 जिलों में भी अलर्ट

मौसम विभाग ने रात 8:52 बजे उत्तर प्रदेश के 12 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक अगले 3 घंटे के दौरान आगरा, अलीगढ़, बागपत, बिजनौर, गाजियाबाद, हापुड़, हाथरस, मथुरा, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और शामली के कुछ इलाकों में मौसम अचानक बिगड़ सकता है।

 

इन जिलों में 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है। कुछ जगहों पर हवा के झोंके 100 किलोमीटर प्रति घंटे या उससे भी ज्यादा की रफ्तार पकड़ सकते हैं। इसके अलावा बिजली चमकने, गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश और ओले गिरने की भी आशंका जताई गई है।

 

यह भी पढ़ें: 700 में बनवाए आधार कार्ड और बन गए इंडियन, खुल गई बांग्लादेशी घुसपैठियों की पोल

 

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों या सुरक्षित जगहों पर रहने की अपील की है। साथ ही खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है।