पंजाब के लुधियाना में चंडीगढ़ की एक स्टूडेंट के साथ रेप का एक दिल दहला देने वाला मामला सामना आया है। पीड़िता का आरोप है कि उसके बॉयफ्रेंड के दोस्त ने लुधियाना के होटल में उसका रेप किया। आरोपी ने लड़की से कहा कि उसके बॉयफ्रेंड के दूसरे लड़कियों से अवैध संबंध हैं। उनसे मिलाने के बहाने आरोपी ने लड़की को होटल बुलाया था। बाद में नशीला पदार्थ पिलाकर उसे बेहोश कर दिया और संबंध बनाकर उसका वीडियो भी रिकॉर्ड किया। पीड़िता ने बताया कि वह उसे अपना भाई मानती थी।
इस मामले में छात्रा ने चंडीगढ़ एसएसपी से शिकायत की है। छात्रा की शिकायत पर जीरो एफआईआर दर्ज कर लुधियाना डिवीजन नंबर पांच में ट्रांसफर कर दिया गया है। लुधियाना पुलिस ने नशीला पदार्थ पिलाकर रेप करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में जल्दी ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: 'पूछताछ के बाद छोड़ दो', उदयनिधि स्टालिन की गिरफ्तारी पर हाई कोर्ट का फैसला
क्या है पूरा मामला?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, छात्रा ने अपने बॉयफ्रेंड के दोस्त पर धोखे से रेप करने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने बताया कि वह आरोपी को भाई मानती थी और उस पर भरोसा करती थी। वह कई बार आरोपी से मिल भी चुकी थी। बॉयफ्रेंड की गैरमौजूदगी में वह कई बार उसे इंस्टीट्यूट से घर छोड़ने और लेने भी जाता था।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी उसके बॉयफ्रेंड से जलन करने लगा था। उसने बताया कि उसके बॉयफ्रेंड का लड़कियों से संबंध हैं, उसके चक्कर में न पड़े। आरोपी ने दावा किया कि उसके पास इस बात के सबूत हैं और दूसरी लड़कियों से मिलवाने के बहाने नवंबर 2025 में उसे लुधियाना के एक होटल में बुलाया। वहां कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया। होश आने पर छात्रा को पता चला कि उसके साथ रेप हुआ है। आरोपी ने कथित तौर पर उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया।
वीडियो वायरल करने की धमकी
पीड़िता का आरोप है कि होटल में नशीला पदार्थ पिलाने के बाद वह बेहोश हो गई। होश आने पर उसे पता चला कि आरोपी ने उसके साथ रेप किया और अश्लील वीडियो भी बना लिया। पीड़िता का कहना है कि उसने जब आरोपी से पूछा कि ये क्या कर दिया मैं तो आरोपी ने कहा कि हो गया, अब किसी को बताना मत। पीड़िता ने बताया कि उसने जब आरोपी से कहा कि वह पुलिस को इस बारे में शिकायत देगी तो उसने जान से मारने की धमकी दी। बाद में भी आरोपी ने लड़की से मिलते रहने को कहा। जब लड़की ने मिलने से मना किया तो आरोपी ने अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
यह भी पढ़ें: 'हर फैसले का हिसाब...' KL राहुल ने LSG के मालिक संजीव गोयनका को सुना दिया! VIDEO
पीड़िता का कहना है कि वह इस घटना के बाद डिप्रेशन में चली गई। जब उसने इस बारे में अपने बॉयफ्रेंड को बताया तो उसने भी विश्वास नहीं किया। उसने कुछ प्रूफ उसे दिए और तब जाकर उसे विश्वास हुआ। पीड़िता का कहना है कि बॉयफ्रेंड के सहयोग से ही वो शिकायत दे पाई। उसने चंडीगढ़ में शिकायत दर्ज कराई, पुलिस ने चंडीगढ़ में जीरो एफआईआर दर्ज करके जांच के लिए लुधियाना ट्रांसफर कर दी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, थाना डिवीजन नंबर-5 के जांच अधिकारी बलविंदर सिंह ने बताया है कि चंडीगढ़ से इस मामले में जीरो एफआईआर प्राप्त हुई है। इस आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
