दिल्ली में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने समाजवादी पार्टी (SP) के नेता आजम खान के बयानों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आजम खान हाल ही में वह जेल से बाहर आए हैं। उनकी कुछ मजबूरियां रहीं होगी जो वह इस तरह का बयान दे रहें हैं। चंद्रशेखर ने कहा कि वह कलम में भरोसा करते हैं न कि खंजर पर। चंद्रशेखर ने साफ किया कि उनकी और उनके गठबंधन 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' की लड़ाई सत्ता में बैठे लोगों के खिलाफ है।

 

आपको बता दें कि जेल से बाहर आने के बाद आजम खान ने चंद्रशेखर पर आरोप लगाया था। आजम खान ने कहा था कि चंद्रशेखर ने नगीना के लोगों पर खंजर घोपा है। इसके लिए वहां के लोग उन्हें कभी माफ नहीं करेंगे। 

 

यह भी पढ़ें: खटाई में पड़ गई हिमाचल प्रदेश की लॉटरी स्कीम, कंपनियों ने नहीं दिखाई दिलचस्पी

चंद्रशेखर ने क्या कहा?

आजम खान के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि वह इस पर क्या कहें, क्योंकि उनका हथियार कलम है, वह खंजर में विश्वास नहीं रखते। उन्होंने कहा, 'वह अभी-अभी जेल में एक लंबा समय बिताकर लौटे हैं। मेरा संघर्ष और हमारे गठबंधन, 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' का संघर्ष सत्ता में बैठे लोगों के खिलाफ है। पिछले 9.5 सालों से जो इन लोगों ने जो अत्याचार किया है, मैं खुद से भी उससे पीड़ित हूं। मेरे निर्दोष होने के बावजूद मुझे परेशान किया गया। लड़ाई उसके खिलाफ है।'

 

 

आगे उन्होंने कहा, 'उनके बयान पर मैं क्या कहूं? मेरा हथियार कलम है। मैं खंजर या हथियारों में विश्वास नहीं रखता। मुझे उनसे कोई शिकायत नहीं है। एक वरिष्ठ नेता के तौर पर, उन्हें अपनी पार्टी को संभालना होता है और अपनी पार्टी के नेताओं के बीच के समीकरणों को देखना होता है। शायद कुछ मजबूरियां रही होंगी। हमारे रिश्ते इतने खराब नहीं हैं कि ऐसी बातें कही जाएं।' 

आजम खान के आरोप

हाल ही में जेल से बाहर आने के बाद SP नेता आजम खान ने चंद्रशेखर आजाद पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने चंद्रशेखर पर नगीना और बिजनौर के मुस्लिम व अल्पसंख्यक वोटरों के साथ गद्दारी करने और भरोसा तोड़ने का आरोप लगाया था। अपने बयान में उन्होंने कहा था कि चंद्रशेखर आजाद ने नगीना के मुसलमानों से गद्दारी की है। जिन लोगों ने उन्हें वोट दिया, उनकी पीठ में खंजर घोंपा है।

 

यह भी पढ़ें: मेडिकल चेकअप के बाद मिल रही शराब, MP में ठेके के बाहर बैठे डॉक्टर

 

आजम खान ने अपने बयानों में चंद्रशेखर आजाद के साथ-साथ AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर भी तंज कसा। उन्होंने ओवैसी के साथ जाने को लेकर चंद्रशेखर पर व्यंग्य किया और सवाल उठाया कि जिनके अपने राज्य में चार सीटें हैं। वह उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री बनाने की बात कैसे कर रहे हैं।