केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान शुक्रवार को भागलपुर पहुंचे थे। यहां मीडिया से बात करते हुए चिराग पासवान ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग भारत की तुलना नेपाल और बांग्लादेश से कर रहे हैं। उनके मुताबिक, विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह भ्रम फैलाने का काम कर रहा है। इस दौरान चिराग पासवान ने भारत को दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र बताया। वह यहां खरमनचक स्थित ज्वेलर्स के नए शोरूम का उद्घाटन करने पहुंचे थे।

 

चिराग पासवान के साथ खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा भी मौजूद थे। उद्घाटन के दौरान चिराग पासवान की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। जैसे ही वह कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, लोगों ने तालियों से उनका स्वागत किया। इस दौरान हरि ओम लक्ष्मी नारायण ज्वेलर्स के पार्टनर विशाल वर्मा सहित हरि ओम परिवार के सभी सदस्यों ने फूल-मालाओं से चिराग पासवान का जोरदार स्वागत किया।

 

यह भी पढ़ें: कालका-शिमला रेल यात्रियों को राहत, इस दिन से फिर दौड़ेगी हिमालयन क्वीन 

 

नए शोरूम के उद्घाटन के मौके पर शहर के कई लोग भी मौजूद रहे। चिराग पासवान ने फीता काटकर शोरूम का उद्घाटन किया और संचालकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भागलपुर तेजी से विकास कर रहा है और यहां व्यापार की अपार संभावनाएं हैं।

'भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र'

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान अपने अप्रत्याशित बयान के लिए जाने जाते हैं। वह कभी अपनी ही सरकार से सवाल करने लगते हैं तो कभी विपक्षी नेताओं की तारीफ करते नजर आते हैं। हालांकि, शुक्रवार को चिराग पासवान विपक्ष पर जमकर बरसे।

 

उन्होंने कहा, 'विपक्ष अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए यह भूल जाता है कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। यहां 140 करोड़ से अधिक आबादी रहती है। ऐसे देश में अराजकता का माहौल पैदा करने की कोशिश करना उचित नहीं है।'

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल प्रदेश: घास काटने जा रहे थे, कार दुर्घटना में बेटे समेत पांच की मौत

 

चिराग पासवान ने बांग्लादेश की परिस्थितियों की तुलना भारत से किए जाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा, 'कुछ लोग यूरोप, नेपाल, पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसे देशों की स्थिति से भारत की तुलना कर रहे हैं, जो पूरी तरह गलत है। भारत एक मजबूत लोकतांत्रिक देश है। यहां की जनता सब समझती है। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह भ्रम फैलाने का काम कर रहा है। लेकिन देश की जनता अब जागरूक हो चुकी है और वह विकास के साथ है।'

 

'बिहार में एनडीए मजबूत, फिर बनाएंगे सरकार'

चिराग पासवान ने कहा कि बिहार में एनडीए पूरी तरह मजबूत है। केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास कर रहा है और बिहार में भी डबल इंजन की सरकार काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनाव में एनडीए एक बार फिर बड़ी जीत हासिल करेगा। उन्होंने कहा, 'लोजपा (रामविलास) गरीबों, दलितों और युवाओं की पार्टी है। हम सबका साथ, सबका विकास के मंत्र पर काम कर रहे हैं।'

 

इस दौरान खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा ने भी चिराग पासवान के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवा नेता के रूप में चिराग ने बिहार को नई दिशा दी है। कार्यक्रम के अंत में हरि ओम परिवार ने सभी अतिथियों का आभार जताया।