देश की राजधानी दिल्ली जाने वाले हिमाचल के लोगों के लिए अच्छी खबर है। दिल्ली के द्वारका में हिमाचलवासियों के लिए एक नया गेस्ट हाउस बनाया जा रहा है। वहीं, मंडी हाउस और चाणक्यपुरी में पहले से ही हिमाचल भवन हैं, जहां बुकिंग कराकर ठहरा जा सकता है। करीब 190 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस नए हिमाचल निकेतन में कुल 107 कमरे होंगे।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज वीरवार को नई दिल्ली के द्वारका में बन रहे हिमाचल निकेतन का दौरा किया। उन्होंने भवन के निर्माण कार्य का जायजा लिया। इसका काम अब लगभग पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बचे हुए फिनिशिंग के काम को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि हिमाचल निकेतन को जल्द ही प्रदेश की जनता को समर्पित किया जा सके।
यह भी पढ़ें: अब शक्तिपीठों में होगी हल्दी की बिक्री, महिलाओं की बढ़ेगी आय; हिमाचल में नई पहल
मुख्यमंत्री ने बताईं नए भवन की खूबियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल निकेतन दिल्ली आने वाले हिमाचल के लोगों के लिए काफी मददगार साबित होगा। खासकर इलाज और पढ़ाई के लिए दिल्ली आने वाले लोगों को यहां अच्छी और आरामदायक रहने की सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि भवन में करीब चार सितारा होटल जैसी सुविधाएं होंगी। यह दिल्ली आने वाले हिमाचलवासियों के लिए एक तरह से मदद और सहूलियत का केंद्र बनेगा।
उन्होंने कहा कि लगभग 190 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे हिमाचल निकेतन में 107 कमरे होंगे। इसके अलावा यहां एक रेस्तरां, बैंक्वेट हॉल, दो बहुउद्देश्यीय हॉल, मीटिंग रूम और छात्रों के लिए डॉर्मिटरी भी होगी। परिसर में पर्याप्त पार्किंग की सुविधा के साथ गार्डन, ईवी चार्जिंग स्टेशन और कई दूसरी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
यह भी पढ़ें: कुल्लू में कार हादसा: पत्नी ने जान बचाने के लिए जान लगा दी, फिर भी नहीं बचा पति
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना हिमाचल प्रदेश के लोगों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाकी बचे सभी काम तय समय पर पूरे किए जाएं और निर्माण में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए। इस मौके पर विधायक सुरेश कुमार, मुख्य अभियंता विजय चौधरी, अधीक्षण अभियंता दीपक राज चौहान और प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
