उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने श्रावण महीने से पहले यह साफ कर दिया कि कांवड़ यात्रा में श्रद्धालु को असुविधा महसूस नहीं होनी चाहिए। साथ ही योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया कि जो लोग अफवाह फैलाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा जो लोग खाद्य पदार्थों में मिलावट करेंगे और कांवड़ यात्रियों के लिए अव्यवस्था फैलाएंगे, उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई होगी। साथ ही कांवड़ यात्रियों की निगरानी ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी, ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
कांवड़ यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के अधिकारियों के साथ बैठक की। यह बैठक शुक्रवार यानी 24 जुलाई को हुई, जहां उन्होंने अधिकारियों को आगाह करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान हर श्रद्धालु को सुरक्षा, सुविधा और सम्मान मिलना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था, यातायात, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा और जनसुविधाओं की बेहतर व्यवस्था दिखाई देनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: जबरन ले लिया था 949 रुपये का सर्विस चार्ज, कोर्ट ने लगाया 25000 का जुर्माना
तैयारियों का लिया जायजा
शुक्रवार को बैठक के दौरान योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को कई निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन कांवड़ शिविर संचालकों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखे, ताकि तैयारियों की समीक्षा की जा सके और कांवड़ यात्रा की कमियों को जल्द से जल्द दूर किया जा सके।
इसके बाद योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांवड़ यात्रा का मार्ग पूरी तरह सुविधाजनक होना चाहिए। इसके लिए सड़कों पर स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता, साफ शौचालय और जगह-जगह पेयजल की व्यवस्था होनी चाहिए। साथ ही यात्रियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए जगह-जगह चिकित्सा शिविर लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल होती हैं, इसलिए उनके लिए जगह-जगह चेंजिंग रूम बनाए जाएं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने मेरठ जोन की तैयारियों और योजना को प्रदेश के सभी पुलिस जोन के साथ शेयर करने का निर्देश दिया, ताकि पूरे प्रदेश में एक समान और प्रभावी व्यवस्था लागू की जा सके।
यह भी पढ़ें: प्रदर्शन के दौरान RAF जवानों से मारपीट का आरोप, अब तक 10 FIR दर्ज
सुरक्षा के लिए खास इंतजाम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यात्रा मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। साथ ही बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाए। इन सीसीटीवी कैमरों के जरिए यात्रियों की सुरक्षा पर नजर रखी जाएगी। इसके अलावा योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस लगातार पेट्रोलिंग करे और सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखे, ताकि राज्य में किसी तरह की अफवाह न फैल सके।
