दिल्ली में यमुना नदी के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ी पहल की जा रही है। सोनिया विहार से जगतपुर के बीच दिल्ली की पहली रिवर क्रूज सेवा शुरू होने वाली है। इसका उद्घाटन केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल करेंगे। इस खास मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद रहेंगी। इस नई सेवा को शुरू करने से पहले पिछले महीने इनलैंड वाटरवेज ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (IWAI) और दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में क्रूज के ट्रायल रन पूरे किए गए थे जो पूरी तरह सफल रहे।
आपको बता दे कि राष्ट्रीय जलमार्ग अधिनियम, 2016 के तहत यमुना नदी को 'राष्ट्रीय जलमार्ग-110' का दर्जा दिया गया है। यह क्रूज सेवा इसी योजना का एक अहम हिस्सा है।
यह भी पढ़ें: दिवाली पर पटाखे फोड़ रहा था पहलवान, आरोपियों ने सीने में मारी गोली और ले ली जान
इको-फ्रेंडली और ग्रीन टूरिज्म पर जोर
यह क्रूज पूरी तरह से बिजली से चलने वाला होगा। इसका मकसद नदी में प्रदूषण फैलाए बिना लोगों को एक साफ-सुथरा और बेहतरीन पर्यटन अनुभव देना है। इससे दिल्ली-NCR के लोगों और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को यमुना की खूबसूरती से सीधे जुड़ने का एक नया विकल्प मिलेगा।
पोर्ट्स, शिपिंग और वाटरवेज मंत्रालय के तहत काम करने वाली IWAI की अगुवाई में इस प्रोजेक्ट को जमीन पर उतारा गया है। इस पूरी सेवा को तैयार करने में कई विभागों ने एक साथ मिलकर काम किया है। इस पर भारतीय अंतरदेशी जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI), दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA), दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (DTTDC), दिल्ली जल बोर्ड (DJB) और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग (दिल्ली सरकार) ने मिलकर काम किया है।
यह भी पढ़ें: खुद को ED का अफसर बताकर करता था ठगी, नीली बत्ती वाली गाड़ी लेकर पहुंचा CO ऑफिस
जानें रूट, दूरी और किराया
दिल्ली में शुरू होने वाली नमो यमुना रिवर क्रूज सेवा/सफारी के बारे में जानाना जरूरी है जो आपके काम की है। सबसे पहले जाने इसका रूट यानी यह कहां से कहां तक चलेगी। यह क्रूज सेवा यमुना नदी पर सोनिया विहार में वजीराबाद घाट) से जगतपुर के शनि मंदिर घाट के बीच चलाई जाएगी। इसका लगभग 5 से 6 किलोमीटर का सफर होगा। इसे पूरा करने में करीब 35 से 40 मिनट का समय लगेगा। इस क्रूज की सवारी का किराया 500 रुपये प्रति व्यक्ति तय किया गया है।
यह सेवा दिल्ली में पर्यटन और वॉटर स्पोर्ट्स के रास्ते खोलेगी। अधिकारियों का मानना है कि इस कदम से यमुना नदी को लेकर आम जनता में जुड़ाव बढ़ेगा। राजधानी में पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन का एक नया दौर शुरू होगा।
