नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 23 जून 2026 को सीयूईटी यूजी परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस परीक्षा में दिल्ली के पूर्व मंत्री और वर्तमान भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) विधायक कैलाश गहलोत की 17 साल की छोटी बेटी देविना गहलोत ने पूरे देश में ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल करके इतिहास रच दिया है। दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) वसंत कुंज की छात्रा देविना ने 5 विषयों में पूरे 1250 नंबर में से 1232.19 का रिकॉर्ड स्कोर बनाया है। उनकी इस शानदार कामयाबी से उनके पूरे परिवार और स्कूल में खुशी का माहौल है।
देविना ने परीक्षा के सभी विषयों में बहुत ही शानदार नंबर हासिल किए हैं। अगर उनके अलग-अलग विषयों के नंबरों को देखें, तो उन्होंने साइकोलॉजी में 250 में से पूरे 250 नंबर पाकर 100 परसेंटाइल हासिल किया है। इसके साथ ही पॉलिटिकल साइंस में उनके 249.58 नंबर और इकोनॉमिक्स/बिजनेस इकोनॉमिक्स में 249.53 नंबर आए हैं, और इन दोनों ही विषयों में भी उनका 100 परसेंटाइल रहा है। वहीं इंग्लिश में उन्होंने 241.95 नंबर पाकर 99.99 परसेंटाइल और फाइन आर्ट्स में 241.11 नंबर पाकर 99.91 परसेंटाइल हासिल किया है। इन सभी विषयों को मिलाकर उनका कुल स्कोर 1232.19 रहा है। इस परीक्षा से पहले देविना ने इसी साल सीबीएसई बोर्ड की 12वीं परीक्षा में भी 99 प्रतिशत नंबर हासिल किए थे।
यह भी पढ़ें: 'समय बचता और कुछ जिंदगी भी...', NEET की परीक्षा देने आए छात्र क्या कह रहे हैं?
क्या बोलीं देविना?
देविना ने कहा कि देश में पहला नंबर आना उनके लिए एक सपने जैसा है। उन्हें उम्मीद थी कि पेपर अच्छा जाएगा, पर वह पूरे देश में टॉप कर जाएंगी ऐसा उन्होंने कभी नहीं सोचा था। उन्होंने बताया कि इस बार परीक्षा केंद्रों पर काफी अव्यवस्था और गड़बड़ी थी। उनका खुद का एक पेपर तय समय से दो घंटे से भी ज्यादा देरी से शुरू हुआ था। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी, खुद को शांत रखा और अपनी तैयारी पर भरोसा रखा। देविना को लिखने का बहुत शौक है। वह आगे सेंट स्टीफेंस कॉलेज से इंग्लिश ऑनर्स करना चाहती हैं और भविष्य में पत्रकारिता या राइटिंग के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती हैं।
पढ़ाई का तरीका
देविना ने बताया कि वह दिन में 10-12 घंटे जैसी लंबी पढ़ाई नहीं करती थीं। उन्होंने रट्टा मारने के बजाय चीजों को समझकर पढ़ने पर पूरा ध्यान दिया। उन्होंने बाकी छात्रों को सलाह दी कि घंटों के बजाय रोज थोड़ा-थोड़ा पढ़ना ज्यादा जरूरी है। अपनी तैयारी के लिए उन्होंने सिर्फ एनसीईआरटी की किताबें पढ़ीं क्योंकि परीक्षा के सवाल समझ पर आधारित थे। देविना का मानना है कि बहुत सारी किताबों के पीछे भागने के बजाय कुछ ही किताबों को बार-बार पढ़ना चाहिए। साथ ही, दिमाग पर ज्यादा दबाव नहीं लेना चाहिए क्योंकि ज्यादा तनाव से हौसला कम हो जाता है।
देविना के पिता और बीजेपी नेता कैलाश गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी खुशी जताई है। उन्होंने लिखा कि माता-पिता के रूप में अपनी छोटी बेटी को इस मुकाम पर देखना बहुत गर्व की बात है। देविना की यह कामयाबी उसकी सालों की लगन और कड़ी मेहनत का नतीजा है। उन्होंने देविना की मां मौशमी और बड़ी बहन जाह्नवी को धन्यवाद दिया जिन्होंने हर समय उसका साथ दिया। इसके साथ ही उन्होंने डीपीएस वसंत कुंज के शिक्षकों और मेंटर्स को भी धन्यवाद कहा।
यह भी पढ़ें: UP TET 2026 परीक्षा के लिए कैसे डाउनलोड करें एग्जाम स्लिप? तरीका जानिए
परीक्षा की पूरी जानकारी
सीयूईटी यूजी परीक्षा का रिजल्ट परीक्षा खत्म होने के सिर्फ 16 दिन बाद ही जारी कर दिया गया है। इस बार रिजल्ट पिछले साल के मुकाबले 12 दिन पहले आ गया है। इस परीक्षा के लिए 15.68 लाख से ज्यादा छात्रों ने फॉर्म भरा था और 11.64 लाख से ज्यादा छात्र परीक्षा में बैठे थे। पूरे देश के केंद्रीय विश्वविद्यालयों और दूसरी बड़ी संस्थाओं के अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम में एडमिशन के लिए यह एक मुख्य प्रवेश परीक्षा है।
इस परीक्षा में सक्षम गोयल 1230.82 नंबर पाकर दूसरे स्थान पर रहे जबकि हिमाचल प्रदेश के उदित चतुर्वेदी 1207.21 नंबर के साथ तीसरे स्थान पर रहे। पहले और दूसरे स्थान के बीच बहुत कम नंबरों का अंतर रहा जो दिखाता है कि इस साल की परीक्षा में छात्रों के बीच कितना कड़ा मुकाबला था।


