केरल के त्रिशूर जिले में पटाखा बनाने वाले अस्थायी शेड में भीषण धमाके में आठ लोगों की जान चली गई। कई लोग झुलसे हैं। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक त्रिशूर जिले के मुंडाथिकोड में यह खेतों के बीच पटाखे बनाए जा रहे थे। वहां करीब 40 लोग मौजूद थे। यहां त्रिशूर पूरम उत्सव के लिए पटाखे तैयार किए जा रहे थे। 26 अप्रैल को यह उत्सव है। उससे पहले भीषण धमाके में अभी तक 8 लोगों की मौत की खबर है। उधर, त्रिशूर के कलेक्टर ने मजिस्ट्रेट-स्तर पर हादसे की जांच का आदेश दिया है।
केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बताया कि आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। पांच शव मिल चुके हैं। वहीं तीन लोगों के शरीर के अंग घटनास्थल से बरामद हुए हैं। उधर, सीएम पिनाराई विजयन ने घायलों को सभी जरूरी चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने और त्वरित गति से राहत एवं बचाव कार्य को चलाने का निर्देश दिया। सीएम ने मुख्य सचिव से भी बात की। उन्होंने निर्देश दिया है कि जरूरत पड़ने पर प्रदेश से बाहर के विशेषज्ञ डॉक्टरों की भी सेवा ली जाए।
साढ़े तीन बजे हुआ पहला धमाका
लोगों ने बताया कि दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पहला धमाका हुआ। इसके बाद रुक-रुककर कई धमाके और हुए। धान के खेतों के बीच अस्थायी शेड डालकर पटाखे बनाए जा रहे थे। करीब 40 लोगों के लिए खाने की व्यवस्था की गई थी। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि घटनास्थल पर 40 मजदूर मौजूद थे। पुलिस के अलावा दमकल, स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन और राजस्व विभाग के टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।
कई घरों को भी पहुंचा नुकसान
घटनास्थल पर पहुंचे वडक्कनचेरी नगर पालिका के चेयरमैन पीएन सुरेंद्रन ने बताया कि धमाके की आवाज कई किमी तक सुनाई दी। आसपास के घरों को भी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि अब भी धमाके हो रहे हैं। इस वजह से लोग करीब नहीं जा रहे हैं। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि शेड में कितने मजदूर थे या कितने लोग घायल हैं। इस हादसे की एक वजह बहुत अधिक गर्मी को माना जा रहा है।
आसपास के अस्पताल भी हाई अलर्ट
केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने त्रिशूर मेडिकल कॉलेज और त्रिशूर जनरल अस्पताल में आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा पास के अस्पतालों को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। इसके अलावा अतिरिक्त एंबुलेंस की तैनाती का भी निर्देश दिया है।
