उत्तर प्रदेश के इटावा स्थित पक्का बाग में बी आर ऑयल तेल फैक्ट्री में बड़े पैमाने पर मिलावटखोरी का खुलासा हुआ है। खाद्य सुरक्षा विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर राजेश द्विवेदी अपनी पांच सदस्यीय टीम के साथ जब यहां जांच के लिए पहुंचे तो ब्रांडेड कंपनियों के खाली डिब्बों में नकली तेल भरा जा रहा था। टीम ने जैसे ही सबूत जुटाने के लिए सैंपलिंग शुरू की वैसे ही फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री मालिक अंकुर अग्रवाल और उसके भाइयों ने असिस्टेंट कमिश्नर सहित पूरी टीम पर धावा बोल दिया। इस दौरान हुई मारपीट और धक्का-मुक्की में असिस्टेंट कमिश्नर की शर्ट फट गई। उनके साथ मारपीट भी हुई, जिसमें उन्हें चोट आई।
टीम को वहां से अपनी जान बचाकर भागना पड़ा। इसके बाद फैक्ट्री मालिक और उनके भाइयों ने अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया और आत्महत्या की कोशिश की। वहां मौजूद पुलिस ने तुरंत उनके हाथ से पेट्रोल की बोतल छीनी और उन्हें बचाया। इसके बाद भी वे लोग शांत नहीं हुए और सड़क पर गाड़ियों के आगे लेटकर हंगामा करने लगे। असिस्टेंट कमिश्नर ने मौके पर पुलिस फोर्स मंगवाया और बड़े अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। प्रशासन को आता देख फैक्ट्री मालिक फैक्ट्री में ताला लगाकर वहां से भाग गए।
यह भी पढ़ें: आधी रात को 40 लोगों ने घेरा, क्यों चर्चा में आ गई हैं IPS बी सुमति?
फैक्ट्री का तेल सीज
कुछ देर बाद मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम और सीओ सिटी भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। अधिकारियों ने फैक्ट्री का ताला खुलवाया और पुलिस की सुरक्षा के बीच दोबारा तेल के सैंपल लिए। इसके बाद विभाग ने फैक्ट्री के तेल को पूरी तरह सीज कर दिया। खाद्य विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर राजेश द्विवेदी ने बताया कि ये लोग नकली तेल बनाकर ब्रांडेड डिब्बों में भरते थे और बड़ी मात्रा में बेचते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि फैक्ट्री मालिक ने व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनंत अग्रवाल को भी बुला लिया था और सबने मिलकर टीम के साथ मारपीट की।
यह भी पढ़ें: अब AI और ई-वोटिंग से चमकेगा बिहार, कैबिनेट के 20 बड़े फैसले
पुलिस की आगे की कार्रवाई
व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनंत अग्रवाल का कहना है कि खाद्य विभाग के लोग व्यापारियों को परेशान करते हैं रुपयों की मांग करते हैं और गलत तरीके से छापेमारी करते हैं। उन्होंने मारपीट की बात को गलत बताया। फैक्ट्री मालिक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि उनके ऊपर पहले से ही 50 मुकदमे दर्ज हैं और एक कांग्रेसी नेता की शिकायत पर उन्हें फर्जी तरीके से फंसाया जा रहा है। डिप्टी एसपी अभय नारायण राय ने बताया कि तेल के सैंपल ले लिए गए हैं और पुलिस को शिकायत मिल गई है। अब सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और सच्चाई सामने आने पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
