उत्तर प्रदेश के मथुरा से एक रोचक मामला सामने आया है। खुद को प्रवर्तन निदेशालय (ED) का अफसर बताकर लोगों से ठगी करने वाले एक शख्स मथुरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपों के मुताबिक, सचिन शर्मा नाम का यह शख्स पिछले दो साल से खुद को ED का बताते हुए घूम रहा था। इन 2 साल में उसने कई हाई प्रोफाइल लोगों से नजदीकी भी बढ़ा ली थी। सोमवार को वह नीली बत्ती वाली एक कार लेकर सीओ के दफ्तर पहुंच गया। इस दौरान हुई पूछताछ में जब उसका भंडाफोड़ हो गया तो वह रोने लगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, सचिन शर्मा ने ED ज्वाइन करने के बारे में बताया कि उसने साल 2023 में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा दी थी। प्री तो निकल गया था लेकिन मेन्स नहीं पास कर पाया। सचिन के मुताबिक, इसके बाद उसने प्रतिभा पोर्टल के जरिए ईडी में असिस्टेंट डायरेक्टर पद के लिए आवेदन किया और उसका सिलेक्शन हो गया। रिफाइनरी थाने के सीओ को सचिन पर शक हो गया था। उन्होंने बताया कि वह नीली बत्ती वाली एक कार लेकर उनसे मिलने आया था।
यह भी पढ़ें: तीसरी पत्नी अन्ना कोनिडाला से भी हुआ पवन कल्याण का तलाक, 13 साल चली शादी
बातचीत में जब सीओ का शक और बढ़ा तो उन्होंने ईडी में तैनात अपने कुछ परिचित अधिकारियों से संपर्क किया। यहीं से उनका शक और बढ़ा। फिर उन्होंने आईडी कार्ड चेक किया तो वह फर्जी निकला। जब उन्होंने सचिन से सख्ती से पेश आना शुरू किया तो उसने सच कबूल कर लिया और बताया कि वह रुतबा बनाने के लिए पिछले 2 साल से ये सब कर रहा है।
पुलिस ने क्या बताया?
मथुरा एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने इस घटना के बारे में बताया, 'सचिन शर्मा नाम के एक शख्स को आज गिरफ्तार किया गया है। यह खुद को ED का अफसर का बताकर कई लोगों से ठगी करता था और अपने फेसबुक पर इसका प्रचार-प्रसार करता था। जांच के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से ED के एक अफसर का आईडी कार्ड, एक गाड़ी, दो आधार कार्ड और कई एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं। जांच की जा रही है कि इसने कितने लोगों से ठगी की है। अब इसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।'
यह भी पढ़ें: अंकिता भंडारी vs जेनी कांड, उत्तराखंड में BJP को दांव मिल गया?
पुलिस के मुताबिक, वह मथुरा के ही फरह थाना क्षेत्र के नगलावर का रहने वाला है। एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि सचिन अपनी इन हरकतों का प्रचार-प्रसार सोशल मीडिया पर भी करता था।
