ओडिशा सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ओडिशा राजस्व सेवा (ORS) की प्रोबेशनरी अधिकारी मनीषा मिश्रा को नौकरी से निकाल दिया है। यह कदम ओडिशा विजिलेंस विभाग ने हाल ही में 7,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किए जाने के बाद उठाया गया है। राजस्व और आपदा प्रबंधन विभाग के जारी आदेश के अनुसार, बालासोर जिले के बालियापाल में सब-रजिस्ट्रार के पद पर तैनात मनीषा मिश्रा को 6 नवंबर को रिश्वत लेते पकड़ा गया था।
उन पर आरोप है कि उन्होंने एक शिकायतकर्ता से जमीन की रजिस्ट्री और सेल डीड जारी करने के बदले रिश्वत मांगे थे।
यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव ने क्यों कहा बीजेपी 80 सीटों पर ही लड़ने लायक बचेगी?
प्रोबेशन के दौरान ही गिरी गाज
विभाग के मुताबिक, 2022 बैच की ORS अधिकारी मनीषा मिश्रा ने दिसंबर 2024 में ट्रेनी रिजर्व अधिकारी के रूप में सरकारी सेवा की शुरुआत की थी। इसके बाद दिसंबर 2025 में उन्हें बालियापाल में सब-रजिस्ट्रार के पद पर नियुक्त किया गया था। अभी उनकी दो साल की प्रोबेशन अवधि पूरी भी नहीं हुई थी कि भ्रष्टाचार के मामले में उन पर यह सख्त कार्रवाई हो गई।
'भ्रष्टाचार पर ज़ीरो टॉलरेंस'
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्य के राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार को लेकर अपनी 'जीरो टॉलरेंस' नीति पर पूरी सख्ती से कायम है। बर्खास्तगी के आदेश में राजस्व विभाग के अपर मुख्य सचिव अरबिंदा कुमार पाधी ने स्पष्ट किया कि अधिकारी का यह आचरण 'गंभीर दुर्व्यवहार' और 'व्यक्तिगत अनैतिकता' की श्रेणी में आता है, जो 'ओडिशा सरकारी सेवक आचरण नियम, 1959' का सीधा उल्लंघन है।
यह भी पढ़ें: '9 महीने बोतल और गांजा पीते हैं किसान..' MP जनार्दन मिश्रा ऐसा क्यो बोले?
विभाग का मानना है कि आरोपों की गंभीरता को देखते हुए और सरकारी तंत्र में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए ऐसी अधिकारी को सेवा में बनाए रखना जनहित के खिलाफ होगा।
