पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के एक होटल में मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात भीषण आग लग गई। बताया गया है कि अभी तक इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई है। इस हादसे में कम से से कम 6 लोग घायल भी हुए हैं। मरने वालों में ज्यादातर ऐसे बांग्लादेशी नागरिक हैं जो इलाज कराने के लिए कोलकाता आए थे। हादसे वाली बिल्डिंग में ही दर्जनों होटल चल रहे हैं और इमारत काफी पुरानी है।

 

फायर डिपार्टमेंट की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि मिर्जा गालिब स्ट्रीट पर स्थित होटल में रात के लगभग 2 बजे आग लगी। इसी बयान के मुताबिक, इस हादसे में जान गंवाने वाले लोग बांग्लादेशी नागरिक थे और वे इलाज कराने के लिए आए थे।

 

यह भी पढ़ें: बिहार में 32 हजार से ज्यादा शिक्षकों की भर्ती का शेड्यूल जारी, कैसे करें अप्लाई?

 

एक ही जगह पर हैं कई होटल और गेस्ट हाउस 

न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, इस हादसे में 6 लोग घायल भी हुए हैं। हादसे की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया था। आग बुझाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी क्योंकि बिल्डिंग काफी पुरानी है और रास्ते संकरे हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग की भी टीमें मौके पर पहुंच गई थीं।

उसी होटल में मौजूद रहे एक बांग्लादेशी नागरिक ने बताया, 'मैं मेडिकल कारणों से यहां हूं। मैं थर्ड फ्लोर पर था और सेकेंड फ्लोर पर आग लगी थी। मैंने रात में आवाज सुनी को शोर मचा हुआ था क्योंकि आग लगी थी। मैं एक महीने से यहां रह रहा हूं।'

 

यह भी पढ़ें: 'पिछला केस भी फर्जी था, यह भी होगा', सत्येंद्र जैन की गिरफ्तार पर भड़के केजरीवाल

सामने आई तस्वीरों में देखा जा सकता है कि हादसे वाली बिल्डिंग में कई गेस्ट हाउस और होटल चल रहे हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि आग किस होटल से लगी और इसका कारण क्या था। हालांकि, इमारत को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह काफी पुरानी है और इसमें एंट्री और एग्जिट के रास्ते बेहद कम हैं।