बिहार में फर्जी डिग्री के सहारे सरकारी नौकरी पाने वालों पर शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी प्रखंड में कार्यरत दो शिक्षकों के शैक्षणिक प्रमाणपत्र जांच में फर्जी पाए गए। इसके बाद उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले ने राज्य के शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा दिया है। अब निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने जिला शिक्षा प्रशासन से दोनों शिक्षकों के खिलाफ की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी मांगी है।

 

जानकारी के अनुसार, पटना हाईकोर्ट में दायर जनहित याचिका के तहत राज्यभर के शिक्षकों की डिग्रियों की जांच की जा रही थी। इसी प्रक्रिया के दौरान मुजफ्फरपुर जिले के दो शिक्षकों के दस्तावेज संदिग्ध पाए गए। विभागीय जांच में प्रमाणपत्र फर्जी साबित होने के बाद कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।

 

यह भी पढ़ें: पार्सल के बहाने डिप्टी सीएम विजेंद्र को दी धमकी, फोन पर गाली-गलौज से मचा हड़कंप

 

किन शिक्षकों पर हुई कार्रवाई?

इस मामले के आरोपी शिक्षकों में राजत कुमार राम और निर्मला सिंह शामिल हैं। निर्मला सिंह मध्य विद्यालय बारा किशुन में पढ़ाती हैं। दोनों के खिलाफ मनियारी थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

 

इस मामले के संबंध में पुलिस निरीक्षक दिवाकर कुमार दिनकर ने 4 जून 2026 को संबंधित पदाधिकारी को पत्र भेजकर पूरे मामले की जानकारी दी है। पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि फर्जी प्रमाणपत्र के आधार पर सरकारी सेवा प्राप्त करना गंभीर अपराध है, इसलिए संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध विभागीय और अनुशासनात्मक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।

 

यह भी पढ़ें: 'जूनियर के अंडर नहीं करूंगा काम', साइबर थाने के इंस्पेक्टर ने दिया इस्तीफा

 

नौकरी पर भी लटक सकती है तलवार

आपराधिक मुकदमा दर्ज होने के बाद अब दोनों शिक्षकों की सेवा पर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं। शिक्षा विभाग सेवा नियमावली के तहत निलंबन, बर्खास्तगी और अन्य दंडात्मक कार्रवाई पर विचार कर सकता है। विभागीय स्तर पर इस संबंध में प्रक्रिया शुरू होने की चर्चा है।

 

कार्रवाई रिपोर्ट की मांग

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने जिला शिक्षा प्रशासन से अब तक की गई कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है। साथ ही निर्देश दिया गया है कि विभागीय जांच और अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट जल्द उपलब्ध कराई जाए। इस मामले ने एक बार फिर बिहार की शिक्षा व्यवस्था में नियुक्तियों की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।