उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुरकाजी थाना क्षेत्र में लक्सर मार्ग पर स्कॉर्पियो और डंपर की आमने-सामने इतनी जोरदार टक्कर हुई कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों और पुलिस ने किसी तरह क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत में दो महिलाओं और एक बच्ची को मेरठ के हायर सेंटर रेफर किया गया है।
बताया गया कि नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की हरी वृंदावन कॉलोनी निवासी आदेश गोयल अपने परिवार के साथ लक्सर गए थे। वहां उनके मौसी के पति राधेश्याम के 75वें जन्मदिन का समारोह था। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद परिवार देर रात स्कॉर्पियो से मुजफ्फरनगर लौट रहा था।इसी दौरान पुरकाजी थाना क्षेत्र में लक्सर मार्ग पर सामने से आ रहे डंपर से स्कॉर्पियो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार कई लोग अंदर फंस गए।
मौके पर ही चार लोगों ने तोड़ा दम
हादसे में 50 वर्षीय आदेश गोयल, 35 वर्षीय निशा, 11 वर्षीय गोनी और 48 वर्षीय राखी की मौत हो गई। चारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से राहत और बचाव अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद घायलों को क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो से बाहर निकाला गया।
यह भी पढ़ें: 'पागल बाबा' 40 साल बाद पकड़ा गया, कैसे फेसबुक ने की मदद?
हादसे में आदेश गोयल की पत्नी रूबी गोयल समेत तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों में कुसुम गोयल पत्नी दिनेश गोयल और एक बच्ची भी शामिल है। सभी को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद रूबी गोयल और कुसुम गोयल की गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया गया। घायल बच्ची को भी बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा गया है।
डंपर चालक गिरफ्तार, जांच शुरू
हादसे के बाद पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। डंपर चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस हादसे की वजह और टक्कर के समय दोनों वाहनों की स्थिति की जांच कर रही है।मौके पर पहुंचे एडीएम दीपक सिंह ने बताया कि पुरकाजी-लक्सर मार्ग पर स्कॉर्पियो और डंपर की आमने-सामने टक्कर में चार लोगों की मौके पर मौत हुई है। तीन घायलों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें दो की हालत गंभीर होने पर मेरठ रेफर किया गया। हादसे की विस्तृत वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें: अतीक अहम के गुड्डू मुस्लिम-साबिर कहां? अरमान की गिरफ्तारी से खुलेंगे पुराने राज
जन्मदिन समारोह की खुशियों के बाद घर लौट रहा परिवार रास्ते में हुए इस भीषण हादसे का शिकार हो गया। कुछ ही पलों में चार लोगों की मौत और तीन के घायल होने से परिवार में मातम पसर गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
