बिहार के गया जिले की वजीरगंज थाना पुलिस और एसटीएफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारकर एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से हथियार बनाने वाले मुख्य आरोपी मनोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से भारी मात्रा में हथियार और उन्हें बनाने के कई सारे सामान बरामद किए गए हैं।

 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को पहले ही यह गुप्त सूचना मिली थी कि वजीरगंज थाना क्षेत्र के एक घर में अवैध रूप से हथियार बनाए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही एसटीएफ और वजीरगंज थाना की टीम ने मिलकर उस घर पर तुरंत छापा मारा। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से दो देशी कट्टा, दो देसी एकनाली बंदूक और एक अधूरी बनी हुई पिस्टल बरामद की है। इसके अलावा पांच जिंदा कारतूस और सात खाली खोखे भी मिले हैं। पुलिस ने फैक्ट्री से हथियार बनाने वाले जरूरी उपकरण जैसे ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, वेल्डिंग मशीन, आरी और लोहे की रॉड भी जब्त कर ली है। इन उपकरणों की मदद से आरोपी अवैध हथियार तैयार करके सप्लाई करता था।

 

यह भी पढ़ें: भाई को नहीं पसंद था अफेयर, बहन ने प्रेमी के साथ मिलकर चाकुओं से मारा

आरोपी से पूछताछ

पकड़ा गया आरोपी मनोज कुमार मूल रूप से हथियार बनाने का ही काम करता था। पुलिस अब उससे लगातार पूछताछ कर रही है। पूछताछ में यह पता लगाया जा रहा है कि क्या उसका संबंध किसी बड़े आपराधिक गिरोह से है और वह किन-किन लोगों को हथियार बेचता था।

 

यह भी पढ़ें: साइबर ठगी और पाकिस्तानी चैट का भंडाफोड़, 21 एटीएम कार्ड के साथ दो गिरफ्तार

 

इस मामले में पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह अवैध फैक्ट्री पिछले कितने समय से चलाई जा रही थी और अब तक इससे कुल कितने हथियार बनाए जा चुके हैं। इस संयुक्त कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।