उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला करोड़ों की संपत्ति और बीमा का पैसा हड़पने के लिए लंबे समय से अपने पति, बेटे और भांजे को स्लो पॉइजन (धीमा जहर) दे रही थी। पुलिस के सामने महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। महिला पर आरोप है कि वह प्रॉपर्टी और पैसे के लिए परिवार के ही तीन लोगों को अपने रास्ते से हटाना चाहती थी।
गाजियाबाद के इंदिरापुरम के रहने वाले पीड़ित सुशील भटनागर को लगातार पेट में समस्या और तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में जांच करानी पड़ी, जिससे उनके शरीर में लेड (सीसा) जहर होने का पता चला। सुशील भटनागर ने अपनी पत्नी रेणु भटनागर, सास लता सक्सेना, साले रवि सक्सेना, रिश्तेदार सुशील गिरधर और मुख्य साजिशकर्ता बबलू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 109, 123 और 61 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
यह भी पढ़ें: रोहतक में पुलिस चौकी से 50 कदम की दूरी पर गैंगवार में 4 लड़कों की हुई मौत
पीड़ित पति ने लगाया जहर देने का आरोप
सुशील ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि इन सभी लोगों ने उन्हें, उनके बेटे वंश भटनागर और भांजे देव भटनागर को मारने के इरादे से सीसा (लैड) मिला जहरीले पदार्थ ‘लैड पॉइजन’ का इंजेक्शन लगाने की साजिश रची। सुशील भटनागर ने बताया कि उनके, वंश और भांजे की मेडिकल जांच में लैड पॉइजन की पुष्टि हुई।
पुलिस ने क्या बताया?
इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) अभय राजेंद्र डागा ने बताया कि आरोपी रेणु के पति का लगभग दो करोड़ रुपये का बीमा है और कई करोड़ रुपये की संपत्ति है। रेणु ने माना कि वह पति के बीमा में नामित थी और उसने अपने पति को धीरे-धीरे जहर देकर मारने की योजना बनाई थी।
पुलिस ने बताया कि महिला को विश्वास था कि पति की मौत के बाद सारी संपत्ति उसके नाम हो जाएगी और इसी लालच में आकर उसने कथित तौर पर अपने पति और परिवार के अन्य सदस्यों को धीरे-धीरे जहर देना जारी रखा।
FIR में जिम ट्रेनर का भी नाम शामिल
इस मामले में रेणु के जिम ट्रेनर बबलू का भी FIR में नाम है। पुलिस इस पूरी साजिश में उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है। एसीपी ने कहा कि इस मामले में नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका और आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
