कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के एक गेस्ट हाउस में एक प्रेमी-प्रेमिका ने सुसाइड करने की कोशिश की थी, जहां लड़की की मौत हो गई, जबकि लड़के की जान बच गई। मृत लड़की के परिवार ने आरोप लगाया कि लड़के ने ही उनकी बेटी की जान ली है। मृत लड़की के परिवार के अनुसार, आरोपी लड़का उनकी बेटी को शादी करने के लिए परेशान करता था। परिवार ने दावा किया है कि 2025 में आरोपी लड़के ने उनकी बेटी पर हमला भी किया था। वहीं, आरोपी लड़के ने पुलिस को बताया कि वह और मृत लड़की एक-दूसरे से प्रेम करते थे। दोनों शादी करना चाहते थे लेकिन उनके परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। इसलिए दोनों ने आत्महत्या करने की कोशिश की थी। पुलिस इस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।

 

यह मामला चिक्काबल्लापुर का है, जहां 29 जून को नंदी स्कंदगिरि गेस्ट हाउस में कथित प्रेमी-प्रेमिका ने आत्महत्या करने की कोशिश की थी। आत्महत्या करने वाली 26 साल सुरभि और 27 साल के संजीत अली है। दोनों कमरे में बेहोश पाए गए थे। बेहोशी की हालत में ही संजीत और सुरभि को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद संजीत की जान बच गई, जबकि सुरभि की मौत हो गई। सुरभि के परिवार ने संजीत के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।

 

यह भी पढ़ें: POSCO के आरोपी ने 6 लोगों की ले ली जान, जमानत पर बाहर आते ही किया मर्डर

 

सुरभि के परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

सुरभि की मां ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि संजीत 2025 से सुरभि को शादी करने के लिए परेशान कर रहा था। जब सुरभि ने शादी से इनकार किया था, तब उसने उस पर हमला भी किया था। इसके अलावा, सुरभि की मां गीता ने आरोप लगाया कि संजीत अली ने उनकी बेटी को नशे की लत लगा दी थी, जिस वजह से उन्हें सुरभि को नशामुक्ति केंद्र भेजना पड़ा। नशे से मुक्ति पाने के बाद सुरभि केंद्र से बाहर आ चुकी थी, जिसके बाद संजीत ने फिर से उससे बातचीत शुरू कर दी।

 

पुलिस की जांच-पड़ताल के मुताबिक, 27 जून को संजीत अली ने गेस्ट हाउस में कमरा बुक किया था, जहां शाम को सुरभि गेस्ट हाउस आई थी। पुलिस को पहले इस मामले में लग रहा था कि यह आत्महत्या का मामला है लेकिन सुरभि की मां के दावों के बाद पुलिस हर एंगल से जांच-पड़ताल कर रही है।

 

यह भी पढ़ें: बिहार में परीक्षा देकर लौट रही छात्रा से दुष्कर्म, धरने के बाद दर्ज हुई FIR

संजीत अली ने पुलिस को बताया

 

पूछताछ में संजीत ने पुलिस को बताया कि वह और सुरभि पिछले तीन साल से प्रेम संबंध में थे। हालांकि, उनके परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। इसलिए दोनों ने जान देने का फैसला किया। दोनों ने शराब में नींद की गोलियां मिलाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी। संजीत ने पुलिस को बताया कि दोनों का प्लान था कि अगर गोलियां खाने से जान नहीं जाती, तो फांसी लगाकर जान दे देंगे।

 

संजीत की कैसे बची जान?

 

इस मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक कुशल चौकसे ने कहा कि जांच-पड़ताल में पता चला है कि संजीत अली ने सुरभि की तुलना में कम गोलियां खाई थीं। इसी वजह से वह बच गया, जबकि सुरभि की मौत हो गई। इसके अलावा पुलिस ने बताया कि अब इस मामले की जांच हत्या के आरोप के आधार पर भी की जा रही है। फिलहाल यह मामला पूरी तरह उलझा हुआ है।