ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित जीएल बजाज कॉलेज के छात्र कॉलेज पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। छात्रों के गेट पर मंगलवार को जमकर प्रदर्शन किया और कॉलेज के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रों ने कॉलेज प्रशासन पर एडमिशन के नाम पर उनके साथ धोखाधड़ी किए जाने के गंभीर आरोप लगाए। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि उन्होंने ग्रेटर नोएडा कैंपस में पढ़ाई के लिए एडमिशन लिया था, लेकिन अब उन्हें मथुरा कैंपस से शिफ्ट करने की बात कही जा रही है। इसकी जानकारी लगते ही छात्र कॉलेज गेट पर प्रदर्शन करने लगे और प्रशासन से एडमिशन को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग करने लगे।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों के मुताबिक, उन्होंने करीब चार महीने पहले कॉलेज में दाखिले की प्रक्रिया शुरू की थी। इस दौरान उनसे लगातार उनस एडमिशन प्रोसेस के नाम पर कुछ ना कुछ औपचारिकता करवाते रहे। इस दौरान छात्रों से 80-80 हजार रुपये फीस भी जमा कराई गई। छात्रों का कहना है कि पूरी प्रक्रिया के दौरान उन्हें ग्रेटर नोएडा कैंपस बताया गया लेकिन अब उन्हें बताया जा रहा है कि उनका दाखिला मथुरा कैंपस में किया जा रहा है। छात्रों का दावा है कि इस संबंध में उनकी पहले से सहमति भी नहीं ली गई।
यह भी पढ़ें: 'छात्रों को एक मौका दें', शिक्षक भर्ती को लेकर जारी प्रदर्शन पर बोले CM योगी
प्रदर्शन करने लगे छात्र
इस मामले पर अब गुस्साए छात्र प्रदर्शन पर उतर आए हैं। कुछ छात्रों का कहना है कि मथुरा में दाखिले के लिए उनकी सहमति लिए बिना वहां की एप्लीकेशन भर दी गई और कई महीने बाद उन्हें इसकी जानकारी दी जा रही है। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर उनका आधिकारिक दाखिला मथुरा कैंपस में होना था तो उन्हें ग्रेटर नोएडा कैंपस में एडमिशन का भरोसा क्यों दिया गया।
छात्रों का कहना है कि उन्होंने ग्रेटर नोएडा में पढ़ाई, कैंपस और उससे जुड़ी सुविधाओं को ध्यान में रखकर एडमिशन लिया था। ऐसे में अब अचानक मथुरा कैंपस से जोड़ने की प्रक्रिया से उनका भविष्य और कई महीने की तैयारी प्रभावित हो रही है। कुछ छात्रों ने यह भी दावा किया कि उनसे लगातार डॉक्यूमेंट जमा कराए गए और एडमिशन से जुड़ी औपचारिकताएं कराई जाती रहीं, लेकिन बाद में सीट उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई।
दोनों अलग-अलग कैंपस
यह पूरा मामला छात्रों को बिना जानकारी दिए उनको दूसरे कैंपस में एडमिशन देने से जुड़ा है। जी.एल. बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट, ग्रेटर नोएडा और जी.एल. बजाज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, मथुरा दो अलग-अलग कैंपस हैं। इस ग्रुप की वेबसाइट पर ग्रेटर नोएडा संस्थान का पता नॉलेज पार्क-III, ग्रेटर नोएडा दिया गया है, जबकि मथुरा संस्थान का पता मथुरा-दिल्ली हाईवे पर दिया गया है। छात्रों का आरोप है कि उन्हें एडमिशन प्रोसेस के दौरान बताया गया कि उनका एडमिशन ग्रेटर नोएडा कैंपस में हो रहा है लेकिन अब उन्हें मथुरा कैंपस में शिफ्ट किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: मेडिकल कॉलेज में भिड़े डॉक्टर-नर्सिंग स्टाफ, लात-घूंसे डस्टबीन जो मिला उससे पीटा
पुलिस ने क्या बताया?
इस प्रदर्शन के मामले में ग्रेटर नोएडा पुलिस की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। पुलिस ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, 'दिनांक 22.09.2026 को थाना नॉलेज पार्क क्षेत्रांतर्गत निजी कॉलेज में छात्रों का एम.बी.ए. एडिमशन को लेकर विवाद है। कॉलेज प्रशासन द्वारा छात्रों से वार्ता की जा रही है। पुलिस बल मौके पर मौजूद है।' पुलिस ने यह भी बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था स्थापित है। हालांकि, अभी तक इस पूरे मामले पर कॉलेज की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
