उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में एक इंटर कॉलेज में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान छात्राओं द्वारा बुर्का पहनकर डांस करने का वीडियो सामने आया है। यह डांस वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो विवाद खड़ा हो गया। दरअसल, दावा किया गया है कि वीडियो में फिल्मी गाने पर बुर्का पहनकर डांस कर रही लड़कियां हिंदू हैं।
हिंदू संगठनों ने इस मामले में कॉलेज प्रशासन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, जबकि मुस्लिम समाज के लोगों ने भी वीडियो में दिख रही लड़कियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें: प्राइमरी स्कूल से गर्ल्स हॉस्टल तक, फूड पॉइजनिंग का कहर, तेलंगाना में हुआ क्या?
तीन वीडियो वायरल हुए
दरअसल, इंटर कॉलेज में 26 जनवरी के मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसी कार्यक्रम से जुड़े 23, 27 और 37 सेकेंड के तीन वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें कुछ छात्राएं बुर्का पहनकर डांस करती और भूतों जैसी एक्टिंग करती नजर आ रही हैं।
यह भी पढ़ें: आंख निकाली, सिर कुचला, पत्नी को भेजा वीडियो, सौतेले पिता ने बच्चे को मार डाला
मैंनेजर ने मांगी माफी
वीडियो सामने आने के बाद हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के लोगों में नाराजगी देखी गई है। सोशल मीडिया पर लोग इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य बताकर स्कूल प्रशासन पर सवाल उठा रहे हैं। जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की गई है। इस बीच विवाद बढ़ने पर कॉलेज के मैंनेजर राजू श्रीवास्तव ने लिखित रूप से माफी मांगी है।
राजू श्रीवास्तव ने माफी मांगने के बाद बताया कि ये 'भूतों की टोली' कार्यक्रम था। भविष्य में स्कूल में ऐसा कोई कार्यक्रम नहीं होगा। वहीं, जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) डॉ. रामचंद्र ने मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
