हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में स्थित पैराग्लाइडिंग प्वाइंट बीड़-बिलिंग में एक बड़ा हादसा हो गया है। हादसे में 26 साल के ग्रेटर नोएडा निवासी शुभम डोभियाल की टेंडम पैराग्लाइडिंग के दौरान नीचे गिरने से मौत हो गई। उड़ान शुरू होने के करीब छह मिनट बाद शुभम पैराग्लाइडर से अलग होकर जंगल में जा गिरे। हादसे के बाद पुलिस ने पायलट के खिलाफ लापरवाही से मौत का केस दर्ज किया है। पुलिस ने शुरुआती जांच में सेफ्टी बेल्ट या हार्नेस में तकनीकी खराबी की आशंका जताई गई है।
शुभम डोभियाल अपनी बहन और तीन अन्य रिश्तेदारों के साथ हिमाचल प्रदेश घूमने आया था। मंगलवार यानी 10 नवंबर को उसने बिलिंग से स्थानीय पायलट विनय कुमार के साथ टेंडम पैराग्लाइडिंग की उड़ान भरी। उड़ान शुरू होने के करीब छह मिनट बाद अचानक शुभम पैराग्लाइडर से नीचे गिर गया। वह तय लैंडिंग साइट के पास घने जंगल में जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि गंभीर हादसे के बावजूद पायलट विनय कुमार सुरक्षित लैडिंग करने में सफल रहा।
यह भी पढ़ें: 'तख्त बदल दो, ताज बदल दो', BJP नेता ने अपनी सरकार के खिलाफ लगवाए नारे?
लैंडिंग के बाद परिवार को मिली जानकारी
शुभम के साथ घूमने आए परिवार के बाकी सदस्यों ने भी उसी दिन पैराग्लाइडिंग की थी। उन्हें हादसे का पता तब चला, जब वे अपनी उड़ान पूरी करके लैंडिंग साइट पर पहुंचे। इसके बाद पायलट ने परिजनों को बताया कि शुभम उड़ान के दौरान नीचे गिर गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद पायलट विनय कुमार सुरक्षित नीचे उतर गया था। जमीन पर पहुंचने के बाद उसने दूसरे साथी पैराग्लाइडिंग पायलटों और स्थानीय लोगों को शुभम के गिरने की जानकारी दी। इसके तुरंत बाद सभी ने मिलकर शुभम की तलाश शुरू की।
यह भी पढ़ें: उज्जैन की 5 मंजिला इमारत में भीषण आग, महिलाओं-बच्चों समेत 15 से ज्यादा लोग फंसे
सर्च ऑपरेशन में मिला शव
कई घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद देर शाम जंगल से शुभम का शव बरामद हुआ। वहीं हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। बीड़-बिलिंग में पहले भी कई बार पैराग्लाइडिंग के दौरान हादसे हो चुके हैं। ऐसा ही एक हादसा हाल ही में अक्टूबर 2026 में हुआ था। उस दौरान पैराग्लाइडिंग कर रहे एक विदेशी पर्यटक की मौत हो गई थी। हालांकि, वह पर्यटक सोलो पैराग्लाइडिंग कर रहा था।
