उत्तराखंड में जंगली जानवरों के हमले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। पौड़ी गढ़वाल जिले में मंगलवार को एक गुलदार के हमले में 5 साल की एक बच्ची की मौत हो गई। यह गुलदार पौड़ी में अपने घर के आंगन में खेल रही बच्ची को उठा ले गया था। बाद में उसकी लाश जंगल में मिली। इस घटना के बाद लोगों का आक्रोश पौड़ी के विधायक राजकुमार पोरी को भी झेलना पड़ा। घटना की सूचना मिलने के बाद पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे राजकुमार पोरी को लोगों ने बंधक बना लिया। एक वीडियो भी वायरल है जिसमें देखा जा सकता है कि एक महिला विधायक की कार पर चढ़ गई है और लोगों ने उस कार को घेर रखा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में गुलदार लंबे समय से घूम रहे हैं, लोगों का घर में रहना मुश्किल हो गया है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इसी के चलते लोग स्थानीय प्रशासन, वन विभाग और स्थानीय विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे।
यह भी पढ़ें: करोड़ों की एक्स-रे मशीन पर चूहों का ‘अटैक’, हिमाचल प्रदेश में 8 दिन से जांच ठप
कैसे हुआ यह हादसा?
खांड्यूसैण के पास अपने घर के आंगन में खेल रही 5 साल की बच्ची आरुषि को गुलदार उठाकर ले गया। इस घटना को आरुषि के 7 साल के भाई आर्यन ने भी देखा। घटना के बाद आरुषि के परिवार के लोगों और ग्रामीणों ने शोर मचाया और उसकी तलाश शुरू कर दी। काफी देर के बाद आरुषि की लाश घर से लगभग 100 मीटर दूर झाड़ियों में मिला। यह देखते ही आरुषि के घर पर कोहराम मच गया।
इस घटना की सूचना मिलने के बाद पौड़ी के विधायक राजकुमार पोरी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। विधायक को देखते ही स्थानीय लोगों ने उन्हें घेर लिया। उन्होंने मांग की कि तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाए। लोगों ने शिकायत की कि इस इलाके में गुलदार खुलेआम घूमते रहते हैं और वन विभाग कुछ नहीं करता है।
यह भी पढ़ें: अतिक्रमण पर SC सख्त, कोर्ट ने BMC चीफ अश्विनी भिड़े की एक महीने की सैलरी रोकी
इस मामले पर पौड़ी की एसडीओ आयशा बिष्ट ने कहा है कि घटना की सूचना मिलने के बाद से ही वन विभाग की टीम ने गुलदार पर नजर रखने की कार्रवाई शुरू कर दी है। उनका कहना है कि घटना के बाद सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
