मध्य प्रदेश के ग्वालियर-भिंड नेशनल हाइवे (NH-719) पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। छीमका गांव के पास मजदूरों से भरी तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी सामने से आ रहे डंपर से टकरा गई। हादसा इतना भयानक था कि पिकअप में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि हाईवे के बीचों-बीच गायों का एक झुंड बैठा हुआ था। पिकअप चालक ने उन्हें बचाने की कोशिश की। इसी दौरान वाहन बेकाबू हो गया और सामने से आ रहे डंपर से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई।
यह भी पढ़ें: ट्रेनिंग देकर 10 हजार 'गोमित्र' क्यों तैयार करना चाहती है UP की योगी सरकार?
कैसे और कब हुआ हादसा?
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक यह हादसा देर रात करीब 1 बजे के आसपास हुआ। बताया जा रहा है कि हाईवे के बीचों-बीच गायों का एक झुंड बैठा हुआ था। चालक ने सड़क पर बैठी इन गायों को बचाने के प्रयास में पिकअप चालक ने नियंत्रण खो दिया। इसी कारण सामने से आ रही गाड़ी सीधे डंपर से टकरा गई। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि पांच मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दुर्घटना का शिकार हुए सभी मजदूर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के निवासी हैं। ये सभी लोग मध्य प्रदेश में धान की रोपाई की मजदूरी करने के लिए आए हुए थे। सीजन का काम पूरा होने के बाद वे सभी एक पिकअप वाहन में सवार होकर खुशी-खुशी वापस अपने गांव लौट रहे थे। लेकिन रास्ते में ही इस दुखद हादसे का शिकार हो गए।
यह भी पढ़ें: सिराज की तरह DSP बन गए मुकेश कुमार और आकाशदीप, DGP ने किया स्वागत
32 मजदूर हुए घायल
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क पर बैठी गायों को बचाने के प्रयास में पिकअप अनियंत्रित होकर डंपर से टकराई। रामनरेश यादव ने बताया कि आठ मजदूरों की मौत हुई है। इनमें से पांच ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
हादसे में 32 अन्य मजदूर घायल हुए हैं। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला। हादसे के बाद सभी घायलों को तुरंत गोहद के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक इलाज किया। गंभीर हालत वाले घायलों को आगे के इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया है।
