मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शनिवार देर रात को एक तेज रफ्तार ट्रक ने करीब श्रद्धालुओं को कुचल दिया। इस हादसे में अब तक 14 लोगों की मौके पर मौत हो गई है। इसके अलावा 2 पुलिसकर्मियों समेत 30 से ज्यादा लोग घायल हैं। इनमें से 5 से 6 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु देवी दर्शन के लिए शीतला माता मंदिर गए थे। हादसा चीनौर रोड की ढलान के पास हुआ। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हादसा शनिवार की रात को करीब 1:30 बजे हुआ। नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवी दर्शन के लिए शीतला माता मंदिर पहुंच रहे थे। इसी दौरान धान से भरा ट्रक अनियंत्रित हो गया और लोगों को कुचलता हुआ आगे निकल गया। एसएसपी धर्मवीर सिंह के मुताबिक, भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए बैरिकेड लगाए गए थे। ट्रक बैरिकेड तोड़कर आगे निकल गया और चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और फिक ट्रक मंदिर के प्रवेश द्वार और बाहरी दीवार से जाकर टकरा गया।
यह भी पढ़ें: 5 लाख छात्र सड़कों पर, सैकड़ों हिरासत में, हर तरफ हिंसा, फ्रांस में हुआ क्या है?
40 लोगों को पहुंचाया गया अस्पताल
इस हादसे के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। एसएसपी धर्मवीर सिंह के मुताबिक, दुर्घटना के बाद कुल 40 से अधिक लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से 14 की मौत हो गई। अधिकारियों का कहना है कि इस हादसे की चपेट में आए पांच से छह घायलों की हालत गंभीर बताई है। कुछ लोगों को फ्रैक्चर समेत गंभीर चोटें आई हैं और अन्य घायलों का भी उपचार जारी है। इसके अलावा हादसे में मौके पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
जिला कलेक्टर ने क्या बताया?
इस हादसे के बाद ग्वालियर की जिला कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि रात करीब 1:30 बजे प्रशासन को हादसे की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही एंबुलेंस को तुरंत मौके पर भेजा गया। कलेक्टर और आला अधिकारियों ने खुद ट्रामा सेंटर जाकर पीड़ितों का हाल जाना और हालात का जायजा लिया.
SSP धर्मवीर सिंह ने कहा कि एक्सीडेंट में ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसवाले भी जख्मी हो गए हैं. उन्होंने कहा कि जब ये हादसा हुआ, उस वक्त बड़ी संख्या में श्रद्धालु शीतला माता मंदिर जा रहे थे.
