हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेशभर के स्कूलों का सर्वे कराया है। इस सर्वे में 150 ऐसे स्कूल चिह्नित किए गए हैं जिनकी इमारतें जर्जर हालत में हैं। सरकार अब इन स्कूल भवनों का पुनर्निर्माण 400 करोड़ रुपये की लागत से कराएगी। इसके लिए सरकार ने पूरी राशि जारी कर दी है।
CM नायब सैनी लाडवा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम में भी यह वादा कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर स्कूल भवनों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पाकर हरियाणा के युवा 'विकसित भारत' के सपने को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
यह भी पढ़ें: नशा मुक्त यात्रा में जमकर गरजे CM नायब सैनी, पंजाब के CM भगवंत मान को दी हिदायत
नायब सैनी, मुख्यमंत्री, हरियाणा:-
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कनीपला में आज पानी पीते हुए अपने स्कूल के दिन याद आ गए। इन्हीं सरकारी स्कूलों से पढ़कर हमारे बच्चे सुपर-100 के जरिए IIT और MBBS तक पहुंच रहे हैं। कोई इंजीनियर बन रहा है, कोई डॉक्टर, तो कोई खेल के मैदान में हरियाणा और देश का नाम रोशन कर रहा है।
गांवों के लिए भी बड़ी घोषणाएं
कार्यक्रम के दौरान CM सैनी ने गांव बीड़ खेड़ी के विकास कार्यों के लिए 21 लाख रुपये देने का एलान किया। साथ ही गांव की लाइब्रेरी के लिए किताबें खरीदने को 2 लाख रुपये देने की भी घोषणा की। इसके अलावा गांव अंठेड़ी में सामुदायिक केंद्र बनाने के लिए 50 लाख रुपये मंजूर किए गए। श्मशान घाट के सुंदरीकरण का काम भी कराया जाएगा।
नायब सैनी, मुख्यमंत्री, हरियाणा:-
हमारी सरकार सरकारी स्कूलों के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए 400 करोड़ रुपये की लागत से 150 नए स्कूल भवन बनाने का काम कर रही है। सरकारी स्कूलों से निकलने वाला हर बच्चा अपने सपनों की ऊंची उड़ान भरे। यही हमारा संकल्प है।
यह भी पढ़ें: हरियाणा में 4 'गौ वन' बनाने का एलान, CM सैनी के निर्देश पर दी जाएगी गोचर भूमि
कांग्रेस पर साधा निशाना
इस दौरान CM सैनी ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके शासनकाल में लोगों को बिजली के लिए भी कई-कई दिन इंतजार करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने हर गांव में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की है।
मुफ्त सोलर पैनल और इलाज की सुविधाएं
CM सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार 1.80 लाख रुपये तक की सालाना आय वाले परिवारों को मुफ्त 2-किलोवाट सोलर पैनल दे रही है। इससे इन परिवारों का बिजली बिल शून्य हो गया है। उन्होंने यह भी बताया कि किडनी के मरीजों को मुफ्त डायलिसिस की सुविधा दी जा रही है। साथ ही आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का इलाज मुफ्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर 20 किलोमीटर की दूरी पर कॉलेज भी खोले गए हैं।
यह भी पढ़ें: हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने पंजाब में की रैली, AAP सरकार पर जमकर हमला बोला
सेवा संकल्प अभियान के तहत लगे शिविर
राज्य में चल रहे महीने भर के 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत कलिराणा और सुल्तानपुर गांवों में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। यहां लोगों की शिकायतें सुनी गईं और सरकारी योजनाओं के लिए पात्र लाभार्थियों से आवेदन लिए गए। कार्यक्रम में PM सूर्य घर योजना, हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन और पशुपालन विभाग सहित कई विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी।
