हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर अपनी सक्रियता बढ़ानी शुरू कर दी है। पार्टी ने प्रदेश के 66 विधानसभा क्षेत्रों में विधानसभा प्रभारी नियुक्त कर संगठन को बूथ और विधानसभा स्तर तक मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने शुक्रवार को विधानसभा क्षेत्रवार प्रभारियों की सूची जारी की।

 

इन नियुक्तियों को केवल संगठनात्मक फेरबदल के तौर पर नहीं, बल्कि आने वाले समय में पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों को व्यवस्थित करने की रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है। विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारी तैनात करने के पीछे पार्टी का उद्देश्य स्थानीय संगठन और नेतृत्व के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखना और प्रदेश सरकार के खिलाफ राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाना है।

 

जारी सूची में प्रदेश पदाधिकारियों, जिला पदाधिकारियों, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्यों, पूर्व विधायकों, पूर्व जिला अध्यक्षों, विभिन्न मोर्चों के नेताओं और प्रकोष्ठों के संयोजकों को जिम्मेदारी दी गई है। इससे स्पष्ट है कि पार्टी ने संगठन के अनुभवी चेहरों को विधानसभा स्तर पर जिम्मेदारी सौंपकर अपनी गतिविधियों को गति देने की कोशिश की है।

कुल्लू में चारों सीटों पर नियुक्तियां

कुल्लू जिला भाजपा के लिए भी संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। यहां जिले की चारों विधानसभा सीटों पर अलग-अलग प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।

 

कुल्लू: अखिलेश कपूर

मनाली: राहुल सोलंकी

बंजार: जोगेंद्र शुक्ला

आनी: हेतराम ठाकुर

 

इन नियुक्तियों के माध्यम से पार्टी ने जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों के संचालन के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां तय की हैं।

मंडी और सुंदरनगर में भी संगठन को जिम्मेदारी

मंडी संसदीय क्षेत्र के राजनीतिक लिहाज से महत्वपूर्ण विधानसभा क्षेत्रों में भी प्रभारियों की तैनाती की गई है। मंडी जिले में सराज से मनीष कपूर, द्रंग से कमल राणा, जोगिंद्रनगर से संजय ठाकुर, मंडी से पाल वर्मा और बल्ह से रणवीर सिंह को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं सुंदरनगर संगठनात्मक जिले में करसोग से सोहन सिंह ठाकुर, सुंदरनगर से राजेंद्र भट्ट, नाचन से चेत राम, धर्मपुर से प्रताप ठाकुर और सरकाघाट से प्रताप सिंह को प्रभारी नियुक्त किया गया है।

 

यह भी पढ़ें: 1500 रुपये नहीं, अब 72 हजार दो; जयराम ने सुक्खू सरकार को घेरा

अन्य जिलों में इन नेताओं को मिली जिम्मेदारी

चंबा: चुराह से दिनेश शर्मा, भरमौर से चंदू लाल ठाकुर, चंबा से दिव्य चक्षु, डलहौजी से विनोद ठाकुर और भटियात से सुभाष उपाध्यक्ष।

नूरपुर: नूरपुर से जगदेव ठाकुर, इंदौरा से अभिजीत जम्वाल, फतेहपुर से प्रदीप शर्मा और ज्वाली से पंकज शर्मा हैप्पी।

देहरा: देहरा से अभिषेक पाधा, जसवां-प्रागपुर से सुशील कालिया और ज्वालामुखी से अचल पठानिया।

पालमपुर: जयसिंहपुर से अरविंद शर्मा, सुलह से अभिमन्यु भट्ट, बैजनाथ से नवीन कटोच और पालमपुर से संजीव ठाकुर।

कांगड़ा: कांगड़ा से राकेश शर्मा, नगरोटा से विशाल नेहरिया, शाहपुर से संजय शर्मा और धर्मशाला से देवेंद्र कोहली।

हमीरपुर: भोरंज से सुशील ठाकुर, हमीरपुर से पवन शर्मा, सुजानपुर से अनिल ठाकुर, नादौन से अजय शर्मा और बड़सर से हुकम सिंह बैस।

ऊना: चिंतपूर्णी से सुशील कालिया, गगरेट से धर्मेंद्र राणा, ऊना से विश्वजीत पटियाल, कुटलैहड़ से शंभू गोस्वामी और हरोली से मनोहर कुमार।

बिलासपुर: झंडूता से स्वतंत्र सांख्यान, घुमारवीं से बाल कृष्ण ठाकुर, बिलासपुर से नवीन शर्मा और श्री नैना देवी जी से राकेश गौतम।

सोलन: अर्की से रविंद्र परिहार, नालागढ़ से नरेंद्र ठाकुर, दून से सुरेंद्र ठाकुर, सोलन से ओपी गांधी और कसौली से संजीव टिंका।

सिरमौर: पच्छाद से रणवीर सिंह, नाहन से सुरेंद्र हिंदुस्तानी, श्री रेणुकाजी से साकेश शर्मा, पांवटा साहिब से रामेश्वर शर्मा और शिलाई से पवन चौधरी।

महासू: चौपाल से बलदेव रान्टा, ठियोग से राजेश भ्रांटा, जुब्बल-कोटखाई से विजय गुप्ता, रोहड़ू से हरिचंद डोगरा और रामपुर से उमेश शर्मा।

शिमला: कसुम्पटी से सतप्रकाश मानक, शिमला शहरी से प्यार सिंह कंवर और शिमला ग्रामीण से नरेश चौहान को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

संगठन को चुनावी मोड में लाने की कवायद

हिमाचल में भाजपा के सामने आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने की चुनौती है। प्रदेश में सत्ता से बाहर होने के बाद पार्टी लगातार सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेर रही है। ऐसे में विधानसभा स्तर पर प्रभारियों की नियुक्ति को पार्टी की राजनीतिक तैयारियों का अहम हिस्सा माना जा रहा है। इन प्रभारियों के सामने अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी की गतिविधियों को सक्रिय रखना, स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल बनाना तथा प्रदेश नेतृत्व के कार्यक्रमों को जमीनी स्तर तक पहुंचाना महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।