हिमाचल प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के लोगों को मेडिकल कॉलेजों में आधुनिक और सटीक जांच सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने दावा किया कि जिन अत्याधुनिक मशीनों को मेडिकल कॉलेजों में स्थापित किया जा रहा है उनमें से कई सुविधाएं अभी देश के चुनिंदा बड़े संस्थानों में ही उपलब्ध हैं।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक से लैस मशीनरी स्थापित होने के बाद इन मशीनों से मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सकेगा। मुख्यमंत्री के अनुसार ऐसी अत्याधुनिक मशीनें अभी केवल दिल्ली के एम्स में उपलब्ध हैं। नादौन, कांगू, गलोड़ और धनेटा के अस्पतालों में भी डॉक्टरों की नियुक्तियां की गई हैं।
यह भी पढ़ें: हॉस्टल में रहने वाले स्टूडेंट्स को क्यों होती है मेंटल हेल्थ से जुड़ी परेशानी?
650 डॉक्टरों की भर्ती की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेजों के साथ प्रदेश के 70 आदर्श चिकित्सा संस्थानों में भी स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की सेवाएं मजबूत की जा रही हैं। सरकार 300 मेडिकल ऑफिसर, 200 स्पेशलिस्ट डॉक्टर और 150 सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की भर्ती करने जा रही है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य लोगों को उनके घर के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। इसी दिशा में नादौन, कांगू, गलोड़ और धनेटा के अस्पतालों में डॉक्टरों की नियुक्तियां की गई हैं।
शुरू होगा अलाइड हेल्थ सर्विसेज कॉलेज
मुख्यमंत्री ने कहा कि जोल सप्पड़ में डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज का जल्द शुभारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही यहां उत्तर भारत का पहला अलाइड हेल्थ सर्विसेज संस्थान स्थापित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संस्थान में इसी वर्ष से दाखिले शुरू करवाने के लिए विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इससे अलाइड हेल्थ सर्विसेज से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के प्रोफेशनल्स को हमीरपुर में ही प्रशिक्षण और शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
यह भी पढ़ें: कसोल में पार्टी करके गंदा कर गए थे जंगल, 90.5 टन कचरा हुआ साफ
नादौन और हमीरपुर में लगेंगे स्वास्थ्य शिविर
मुख्यमंत्री ने कांगू में आयोजित जन स्वास्थ्य शिविर का लोगों से अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में नादौन विधानसभा क्षेत्र के साथ हमीरपुर के अन्य हिस्सों में भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांगू के सीनियर सेकेंडरी स्कूल को राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल का दर्जा दिया गया है। इसमें नए भवन का निर्माण किया जाएगा तथा बच्चों को अत्याधुनिक शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनौतीपूर्ण आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद आज हिमाचल प्रदेश आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है और स्वास्थ्य एवं शिक्षा सहित सभी मुख्य क्षेत्रों के लिए बजट की कोई कमी नहीं रखी जा रही है। इस कार्यक्रम में कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष रामचंद्र पठानिया, ओबीसी वित्त विकास निगम के अध्यक्ष डॉ. मोहन लाल, एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती, पूर्व विधायक मनजीत डोगरा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुभाष ढटवालिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद, पार्टी के अन्य पदाधिकारी, एडीसी अभिषेक गर्ग, एसपी बलवीर सिंह, अन्य अधिकारी, क्षेत्र के पंचायत जनप्रतिनिधि और अन्य लोग उपस्थित थे।
