हिमाचल प्रदेश के ऊना में एक दर्दनाक हादसा हुआ है, जहां पीर निगाह मंदिर से करीब दो किलोमीटर दूर एक समान ढोने वाली गाड़ी खाई में गिर गई। गाड़ी चालक के नियंत्रण से बाहर होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा। इस हादसे में करीब 50 श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना मिली है। घायलों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, पानीपत, फतेहाबाद और हरियाणा के अन्य क्षेत्रों से श्रद्धालु रिश्तेदारों के साथ जत्थे में रविवार को पीर निगाह पहुंचे थे। श्रद्धालुओं ने यहां माथा टेकने के साथ लंगर भी लगाया। इसके बाद मंगलवार सुबह यानी आज सुबह उन्हें माता नैना देवी और श्री आनंदपुर साहिब में माथा टेकने के बाद वापस घर लौटना था। इसी दौरान पीर निगाह मंदिर से कुछ दूरी पर उतराई में चालक गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख पाया और गाड़ी खाई में जा गिरी।
यह भी पढ़ें: ऑनलाइन बेच रहे थे धतूरा, फूड लाइसेंस ही गंवा बैठे, कर्नाटक में बड़ा खेल
राहगीरों ने की मदद
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और अन्य श्रद्धालुओं ने तुरंत घायलों की मदद की और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। कुछ लोगों ने अपनी गाड़ियों में घायलों को अस्पताल पहुंचाया। साथ ही, 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस थाना ऊना की टीम भी मौके पर पहुंची और घायलों के बयान दर्ज करने शुरू किए।
इस हादसे में घायल हुए रमेश कुमार ने बताया कि श्रद्धालु हरियाणा के अलग-अलग क्षेत्रों से एक साथ पीर निगाह आए थे। उन्होंने हादसे के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी और राहत कार्य की जानकारी दी।
यह भी पढ़ें: तेजस्वी के खिलाफ पटना में FIR दर्ज, BJP के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करना पड़ा भारी
दो हफ्ते पहले भी हुआ था हादसा
गौरतलब है कि पीर निगाह मार्ग पर गाड़ियों में श्रद्धालुओं के सफर का यह पहला मामला नहीं है। करीब एक सप्ताह पहले भी गाड़ी पलटने से हादसा हुआ था, जबकि इससे कुछ दिन पहले भी ऐसे वाहन लोगों की जान जोखिम में डाल चुके हैं। बार-बार हो रहे हादसों के बावजूद मालवाहकों में श्रद्धालुओं की आवाजाही पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाया है। इससे पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
