शिरोमणि अकाली दल (SAD) के नेता रहे आदेश प्रताप सिंह कैरों को हराकर विधायक बने लालजीत सिंह भुल्लर इन दिनों जेल में हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक लालजीत सिंह भुल्लर को एक वेयरहाउस मैनेजर की आत्महत्या के मामले में गिरफ्तार हुए थे। वह पंजाब सरकार में मंत्री थे लेकिन भगवंत मान ने उनसे इस्तीफा ले लिया था। अब लालजीत सिंह भुल्लर ने फेसबुक पर पोस्ट किया है कि वह चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं। उनका कहना है कि पार्टी तो उन्हें लड़ाना चाहती है लेकिन वह नहीं लड़ना चाहते।
आम आदमी पार्टी पहले ही अपने 40 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर चुकी है। उस लिस्ट में लालजीत सिंह भुल्लर या पट्टी विधानसभा का नाम नहीं था। अब चर्चा है कि दूसरी लिस्ट में लालजीत सिंह भुल्लर की बजाय मशहूर पहलवान जस्सा पट्टी को यहां से अपना उम्मीदवार बना सकती है। अप्रैल 2026 में AAP में शामिल हुए जस्सा पट्टी को ही पार्टी ने इस विधानसभा का हल्का इनचार्ज बना रखा रहा है। इसीलिए लालजीत सिंह भुल्लर के इस पोस्ट के बाद चर्चा तेज हो गई है कि अब जस्सा पट्टी यहां से चुनाव लड़ सकते हैं।
यह भी पढ़ें: 'सनातन की वैश्विक राजधानी बनेगी अयोध्या..', अखिलेश यादव ने किया एलान
लालजीत सिंह भुल्लर ने क्या लिखा है?
लालजीत सिंह भुल्लर अपने फेसबुक पोस्ट में लिखते हैं, 'मैंने पट्टी हलके के भाई-बहनों की ओर से पार्टी द्वारा एक बार फिर चुनाव लड़वाने की इच्छा के बारे में सुना है लेकिन मैंने इस बार चुनाव न लड़ने का निर्णय लिया है। मैं पट्टी हलके के सभी भाई-बहनों का दिल की गहराइयों से धन्यवाद करता हूं। आप सभी की भावनाओं, प्यार और सम्मान के आगे मैं अपने शीश को झुकाकर नमन करता हूं। मैं पट्टी हलके के सभी भाई-बहनों का जीवनभर ऋणी रहूंगा। जिन भाई-बहनों ने हर समय मेरा साथ दिया और अपना प्यार और विश्वास बनाए रखा, उन सभी का दास तहेदिल से बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं।'
क्यों जेल गए लालजीत सिंह भुल्लर?
21 मार्च 2026 को गगनदीप सिंह रंधावा ने जहर खाकर जान दे दी थी। वह पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कार्पोरेशन के जिला मैनेजर थे। उन्होंने आत्महत्या से पहले एक वीडियो बनाया था जिसमें उन्होंने अपनी मौत के लिए लालजीत सिंह भुल्लर को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने लालजीत सिंह भुल्लर, उनके पिता सुखदेव सिंह और उनके पीए पर धमकी देने, उत्पीड़न करने और धमकी देने के आरोप लगाए थे।
इसी केस के चलते 21 मार्च को ही लालजीत सिंह भुल्लर ने मंत्री पद से इश्तीफा भी दे दिया था। 23 मार्च को लालजीत सिंह भुल्लर को गिरफ्तार कर लिया गया था।
पट्टी विधानसभा का गणित
तरन तारन जिले की पट्टी विधानसभा पंजाब के मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे प्रताप सिंह कैरों की वजह से मशहूर रही। बाद में उनके बेटे सुरिंदर सिंह कैरों एक बार अकाली दल और एक बार कांग्रेस के टिकट पर इसी सीट से विधायक रहे। 1997 से 2017 तक यानी लगातार 20 साल तक आदेश प्रताप सिंह कैरों यानी प्रताप सिंह कैरों के पोते इसी सीट से विधायक रहे और वह पंजाब सरकार में मंत्री भी रहे। हालांकि, 2024 में उन्हें अकाली दल से निकाल दिया गया।
यह भी पढ़ें: IPS वाई पूरन कुमार की बेटी को नहीं मिलेगी सरकारी नौकरी, वापस लिया दावा
यह भी बता दें कि आदेश प्रताप सिंह अकाली दल के मौजूदा मुखिया सुखबीर बादल के जीजा हैं। 2017 के चुनाव में कांग्रेस के हरमिंदर सिंह गिल ने उन्हें चुनाव हरा दिया था। 2022 के चुनाव में लालजीत सिंह भुल्लर ने आदेश प्रताप सिंह कैरों और हरमिंदर सिंह गिल को हराते हुए यह सीट AAP की झोली में डाल दी थी।
