उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शनिवार को सड़क हादसा हो गया। रिखणीखाल ब्लॉक के कलवाड़ी के पास एक ईको गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में ड्राइवर समेत 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल हो गए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर दुख जताया है।
उन्होंने घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, गाड़ी में सवार महिलाएं स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ी थीं। वे रिखणीखाल में बैणी-भुली योजना के आवेदन फॉर्म जमा करने के बाद वापस लौट रही थीं। इसी दौरान कलवाड़ी के पास ड्राइवर ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और वह गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य चलाकर घायलों को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मुख्यमंत्री ने गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट कर बड़े अस्पतालों में पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
यह भी पढ़ें: मोतिहारी: नेशनल हाइवे पर स्लीपर बस में भीषण आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
सीएम ने व्यक्त की संवेदनाएं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पर हादसे को लेकर दुख जताया। उन्होंने लिखा, 'पौड़ी गढ़वाल के कलवाड़ी, रिखणीखाल में हुए भीषण सड़क हादसे का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। इस हृदयविदारक दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।'
यह भी पढ़ें: हिमाचल: नवोदय स्कूल में 9वीं के छात्र को बेरहमी से पीटा, 6 सीनियर छात्र सस्पेंड
घायलों को एयरलिफ्ट करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा, 'जिला प्रशासन को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों में पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं। ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।'
