विधायक के निजी सहायक (PA) की पत्नी चुनाव हारी और गांव में लगीं करीब 50 रोड लाइटें उतरवा ली गईं। मामला राजस्थान के टोंक का है। यहां पंचायत चुनाव में हार के बाद दिवाली में लगी लाइटें हटा ली गईं। आरोप है कि निवाई विधायक के PA की पत्नी प्रियंका शर्मा के चुनाव हारते ही बिजली निगम की टीम गांव पहुंची और लाइटें खोलकर ले जाने लगी।
ये लाइटें दिवाली से पहले गांव में लगाई गई थीं, जिससे ग्रामीणों को रात के अंधेरे से राहत मिली थी। चुनाव के नतीजे आने के कुछ ही घंटों बाद हुई इस कार्रवाई से ग्रामीणों में नाराजगी है।
मामला टोंक जिले की पीपलू पंचायत समिति के वार्ड नंबर-2 का है। यहां निवाई विधायक रामसहाय वर्मा के निजी सहायक की पत्नी प्रियंका शर्मा भाजपा प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में थीं। उनके चुनाव हारने के बाद गांव में लगी करीब 50 रोड लाइटें हटाने की कार्रवाई शुरू हुई।
बिजली निगम की टीम का कहना है कि ये लाइटें अवैध तरीके से लगाई गई थीं। वहीं, ग्रामीणों का सवाल है कि अगर लाइटें नियमों के खिलाफ थीं तो दिवाली से पहले इन्हें लगाते समय कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
यह भी पढ़ें: 'पागल कुत्तों ने काट लिया', बोले तेलंगाना CM रेवंत रेड्डी; विधायक ने किया पलटवार
चुनाव हारने के बाद हटाई गईं लाइटें
स्थानीय वार्ड पंच कजोड़ प्रजापत के मुताबिक, ग्रामीणों ने लाइटें हटाने का विरोध किया था। इसके बावजूद बिजली निगम की टीम उन्हें खोलकर ले गई। ग्रामीणों का कहना है कि अगर लाइटें नियमों के खिलाफ लगाई गई थीं तो दीपावली से पहले इन्हें लगाने के समय कार्रवाई क्यों नहीं की गई? चुनाव का नतीजा आने के बाद ही इन्हें हटाने की जरूरत क्यों पड़ी?
यह भी पढ़ें: कनाडा: वॉलमार्ट के बाहर भारतीय मूल के कपल की हत्या, टारगेट किलिंग का शक
दो गांवों में लोगों की नाराजगी
पीपलू क्षेत्र के हनीफगंज और कुम्हारों की ढाणी में लाइटें हटाए जाने से लोग नाराज हैं। उनका कहना है कि लाइटें पूरे गांव की सुविधा के लिए लगाई गई थीं, किसी एक प्रत्याशी के लिए नहीं। चुनाव में हार का असर आम लोगों की सुविधाओं पर नहीं पड़ना चाहिए। ग्रामीणों के विरोध पर बिजली निगम की ओर से लाइटों को अवैध बताया गया। हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर निगम की तरफ से आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई।
