शंख एयर लाइन शुरू होने से पहले ही खूब सुर्खियों में रही। अब लखनऊ और कानपुर में एयर लाइन के संस्थापक श्रवण विश्वकर्मा के घर और दफ्तर में आयकर विभाग ने दबिश दी। हालांकि अभी तक कार्रवाई की वजह नहीं बताई गई है।
दो गाड़ियों में आयकर अधिकारी पहुंचे। गोमती नगर स्थित आवास और वरदान खंड स्थित कंपनी के दफ्तर में छानबीन की। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अधिकारी कंपनी से जुड़े लेनदेन का रिकॉर्ड तलाशने में जुटे हैं। दफ्तर के बाहर पुलिस भी तैनात रही।
यह भी पढ़ें: CM हों या पत्रकार, यौन उत्पीड़न पीड़िता की तस्वीरें कर रहे शेयर, गलत क्यों?
शंख एयर के संस्थापक श्रवण कुमार विश्वकर्मा एक समय में टेंपो चलाते थे। इसके बाद उन्होंने स्टील, सीमेंट और ट्रांसपोर्ट के क्षेत्र में कदम रखा। वे 200 से अधिक ट्रकों का संचालन करते हैं। कानपुर के रहने वाले श्रवण कुमार विश्वकर्मा ने कुछ वर्ष पहले ही शंख एयर नाम से एक क्षेत्रीय एयरलाइन शुरू करने का एलान किया था। इसके बाद ही उनकी चर्चा देशभर में होने लगी थी।
इन शहरों में होना है शंख एयर का संचालन
शंख एयर की वेबसाइट के मुताबिक यह एयरलाइन उत्तर प्रदेश के अंदर और बाहर के प्रमुख शहरों को जोड़ेगी। इससे क्षेत्रीय संपर्क और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। शुरुआती मार्गों में लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर और दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे प्रमुख महानगर शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: CM हों या पत्रकार, यौन उत्पीड़न पीड़िता की तस्वीरें कर रहे शेयर, गलत क्यों?
एनओसी के बाद भी नहीं शुरू हुई एयर लाइन
शंख एयर को अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) पिछले साल मिला था। इस कंपनी के इस साल से शुरू होने की उम्मीद थी। मगर अभी तक संचालन नहीं हो सका। कंपनी को अपना ऑपरेशन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शुरू करना था। श्रवण कुमार विश्वकर्मा कंपनी के चेयरमैन हैं। अनुराग छाबड़ा और कौशिक सेनगुप्ता निदेशक हैं।
