देश में एक तरफ कई लोग शुद्ध पेट्रोल की मांग कर रहे हैं। साथ ही पेट्रोल में एथनॉल मिलावट का विरोध कर रहे हैं। इसी बीच मध्य प्रदेश के रीवा से बीजेपी (BJP) सांसद जनार्दन मिश्रा का बयान सुर्खियों में आ गया है। जनार्दन मिश्रा ने एथनॉल का विरोध करने वाले लोगों को विवादित बातें बोलीं, जिसे सुनकर लोग हैरान रह गए। उन्होंने सीधे तौर पर बोल दिया कि जो लोग शुद्ध पेट्रोल की मांग कर रहे हैं, वह पेट्रोल क्या उनके पिता के घर आएगा? जनार्दन मिश्रा ने पेट्रोल को लेकर बताया कि भारत में सिर्फ 20 फीसदी कच्चे तेल का उत्पादन हो पाता है। इस वजह से 80 फीसदी कच्चा तेल दूसरे देशों से मंगवाना पड़ता है, ऐसी परिस्थिति में पेट्रोल में एथनॉल मिलाना वाजिब है।
सांसद जनार्दन मिश्रा 9 अगस्त को रीवा के एयरपोर्ट पर नई उड़ान के उद्घाटन कार्यक्रम में गए थे, जहां उन्होंने पेट्रोल के मुद्दे पर विवादित बयान दिया। उन्होंने सीधे तौर पर बोल दिया कि जो लोग शुद्ध पेट्रोल की मांग कर रहे हैं, वह पेट्रोल क्या उनके पिता के घर आएगा? उन्होंने सरकार का समर्थन करते हुए कहा कि भारत में 20 फीसदी एथनॉल ही पेट्रोल में मिलाया जाता है। इसके बावजूद कई लोग दावा करते हैं कि गाड़ी में समस्या आ रही है, जबकि ब्राजील में 100 फीसदी एथनॉल से गाड़ियां चलती हैं।
यह भी पढ़ें: आम सलून पर CM सुखविंदर ने कटवाए बाल, हजामत से सध गई सियासत?
क्या बोले जनार्दन?
जनार्दन मिश्रा रीवा से भोपाल और कोलकाता जाने वाली एक उड़ान के उद्घाटन कार्यक्रम में गए थे। जहां उन्होंने पेट्रोल के मुद्दे को लेकर कहा कि भारत में केवल 20 प्रतिशत कच्चे तेल का उत्पादन होता है, जबकि 80 प्रतिशत तेल विदेश से आयात करना पड़ता है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय परिस्थिति का हवाला देते हुए कहा कि तेल की आपूर्ति के लिए जहाजों को 18,000 किलोमीटर के करीब दूरी तय करनी पड़ती है।
उन्होंने स्थानीय भाषा में कहा, ‘ऐसी परिस्थिति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथनॉल मिलाने की बात करते हैं तो कुछ लोग विरोध में आंदोलन करने लगते हैं।’ जिसके बाद उन्होंने एथनॉल का विरोध करने वाले लोगों को गुस्से में कहा, ‘आंदोलन हो रहा है एथनॉल नहीं चलेगा, शुद्ध पेट्रोल चलेगा। शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा? शुद्ध पेट्रोल है ही नहीं देश में तो कहां से आएगा?’
यह भी पढ़ें: DGP से मिले तेजस्वी यादव, फायरिंग का आदेश देने वाले अफसरों पर मुकदमा की मांग
100 फीसदी एथनॉल मिश्रित पेट्रोल
जनार्दन ने कहा, ‘एथनॉल नहीं बनेगा तो पेट्रोल कहां से आएगा, डीजल कहां से आएगा?’ पेट्रोल में एथनॉल मिश्रण का बचाव करते हुए उन्होंने कहा कि ब्राजील में तो गाड़ियां 100 प्रतिशत एथनॉल से चल रही हैं। इसके बावजूद वहां गाड़ियों में ऐसी कोई समस्या नहीं है।
इसके बाद उन्होंने लोगों को याद दिलाया कि ब्राजील दुनिया में सबसे ज्यादा एथनॉल का उत्पादन करता है और यही वजह है कि वहां 100 फीसदी एथनॉल से गाड़ियां चल रही हैं। साथ ही जनार्दन ने कहा कि भारत में भी विशेषज्ञों की राय है कि एथनॉल से गाड़ियों के इंजन को कोई नुकसान नहीं पहुंचता है। इसके बावजूद लोग बेवजह विरोध कर रहे हैं।
