जेडीयू की ओर से मंगलवार को पूरे बिहार में मनाए जा रहे सुशासन दिवस, नीतीश संवाद कार्यक्रम से ठीक एक दिन पहले पूर्व सांसद आनंद मोहन ने ऐसा बयान दे दिया है, जिसने सियासी गलियारे में भूचाल ला दिया है। सहरसा में पत्रकारों से बातचीत में आनंद मोहन ने कहा, हम केवल यही कहेंगे कि नीतीश संवाद की जरूरत नहीं है, नीतीश सरकार की जरूरत है। आपने तो वोट मांगा था 25 से 30 फिर से नीतीश। जो लोग सरकार को गिरवी रखे हैं, वो लोग आज प्रायश्चित की बात करते हैं। आनंद मोहन के इस एक वाक्य ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि नीतीश कुमार को लेकर उनकी नाराजगी कम नहीं हुई है, बल्कि समय के साथ और गहरी होती जा रही है।

 

पत्रकारों ने जब आनंद मोहन से सवाल किया कि जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने कहा है कि जेडीयू को बीजेपी के एजेंट चला रहे हैं, तो आनंद मोहन ने इस पर सीधा जवाब देने से किनारा कर लिया। उन्होंने कहा, उन्हीं से पूछिए... यहां जेडीयू के लोग हैं। लेकिन इसके बाद उन्होंने जो कहा, वह प्रशांत किशोर के बयान से भी ज्यादा तीखा था। उन्होंने कहा कि बिहार को संवाद नहीं, सरकार चाहिए। दरअसल, जेडीयू ने 24 नवंबर को नीतीश कुमार के 20 साल के कार्यकाल को याद करने के लिए नीतीश संवाद और दीपोत्सव का आयोजन किया है। 23 नवंबर की शाम को कार्यकर्ताओं को 11 दीप, प्रखंड-जिला कार्यालय में 101 दीप और प्रदेश कार्यालय में 1001 दीप जलाने को कहा गया है। आनंद मोहन ने इसी कार्यक्रम पर सवाल उठा दिया है।

 

यह भी पढ़ें: खटाई में पड़ गई हिमाचल प्रदेश की लॉटरी स्कीम, कंपनियों ने नहीं दिखाई दिलचस्पी

नीतीश के राज्यसभा जाने पर सवाल

यह पहली बार नहीं है जब आनंद मोहन ने नीतीश कुमार को लेकर इस तरह की प्रतिक्रिया दी है। नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़कर राज्यसभा जाने के फैसले पर भी आनंद मोहन ने खुलकर नाराजगी जताई थी। तब उन्होंने कहा था कि कुछ कथित योजनाकारों और चाणक्यों की वजह से जेडीयू को नुकसान होगा और कालांतर में बीजेपी को भी नुकसान उठाना पड़ेगा। 

 

उन्होंने कहा था कि इस फैसले से संपूर्ण राजनीति महकमा हतप्रभ है, सभी भौचक हैं कि बिहार में यह क्या हो रहा है। यह फैसला चाहे किसी का थोपा हुआ हो या मुख्यमंत्री का हो, लेकिन मेरे जैसे लाखों लोग इस फैसले से आहत हैं। आनंद मोहन ने तब भी कहा था कि जब नारा था 2025 से 30 फिर से नीतीश तो अचानक ऐसा क्या हो गया? विपक्ष की बातों में दम है। उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर आज चुनाव हो जाए तो विपक्ष बंपर सीट से जीतेगा।

संजय झा पर खोला था मोर्चा

एमएलसी चुनाव में एनडीए की हार के बाद भी आनंद मोहन ने जेडीयू नेतृत्व पर हमला बोला था। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा पर निशाना साधते हुए कहा था कि नीतीश कुमार की मेहनत से खड़ी हुई पार्टी को मौजूदा नेतृत्व बर्बाद कर रहा है। उन्होंने कहा था कि 2025 का विधानसभा चुनाव नीतीश के चेहरे पर लड़ा गया था, जनता ने उनके नाम पर एनडीए को समर्थन दिया था। अब उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटाने के कारण लोग नाराज हैं और चुनावों में हारकर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।

 

आनंद मोहन ने जेडीयू को नकली लीडर तक कह दिया था। उन्होंने तिरहुत स्नातक और सारण शिक्षक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवारों का समर्थन किया था और दोनों जीत गए थे। इसके अलावा उन्होंने अनंत सिंह के पक्ष में भी बयान दिया था।

 

यह भी पढ़ें: 'मेरे हाथ में कलम है, खंजर नहीं', आजम खान के आरोपों पर चंद्रशेखर का जवाब

सम्राट से तुलना पर भी कर चुके हैं साफ

आनंद मोहन पहले भी कह चुके हैं कि सम्राट चौधरी की तुलना नीतीश कुमार से नहीं होनी चाहिए। रांची में उन्होंने कहा था कि जब भाजपा सत्ता में आई और राजतिलक की तैयारी चल रही थी, तब भी उन्होंने कहा था कि यदि भाजपा ही सही विकल्प है तो सम्राट चौधरी बेहतर विकल्प होंगे। लेकिन सम्राट चौधरी का अनुभव, उम्र और कद नीतीश कुमार के बराबर नहीं है। नीतीश इतने अनुभवी हैं कि उनकी तुलना किसी नौसिखिए से नहीं होनी चाहिए। आनंद मोहन का कहना है कि नीतीश के नेतृत्व में बिहार विकास की ओर आगे बढ़ा। यही वजह है कि बार-बार वह नीतीश सरकार की मांग उठा रहे हैं। अब सहरसा वाले बयान के बाद जेडीयू और बीजेपी में खामोशी है, लेकिन राजनीतिक गलियारे में चर्चा तेज है कि आनंद मोहन का यह बयान आने वाले दिनों में और बड़ा सियासी तूफान ला सकता है।