उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक शख्स और उनके भांजे के बीच जमकर मारपीट हुई। पुलिस के मुताबिक, यह मारपीट इसलिए शुरू हुई क्योंकि पीड़ित शख्स ने अपने भांजे को शराब का छोटा पैग बनाकर दिया था। इस वजह से दोनों के बीच पहले बहस हुई, उसके बाद दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। आरोप है कि भांजे ने अपने मामा के सिर पर लोहे के तवे से कई बार वार किया। इसके बाद उसने गर्दन और चेहरे पर भी तवे से हमला किया। पीड़ित शख्स बुरी तरह घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, आरोपी भांजे के खिलाफ पुलिस जांच कर रही है। वह फिलहाल फरार है।
यह मामला कानपुर के जाजमऊ थाना क्षेत्र का है, जहां 31 जुलाई की रात आरोपी भांजे ने अपने मामा पर जानलेवा हमला किया था, जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया। जानकारी के मुताबिक, आरोपी भांजा अपने मामा के साथ दिन में कबाड़ का काम करता था। इसके बाद रात के समय दोनों साथ बैठकर शराब पी रहे थे, तभी पीड़ित मोहम्मद फिरोज पर उनके भांजे ने हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें: पूर्व मंत्री की बेटी ने SBI मैनेजर को मारा थप्पड़, गिरफ्तारी के बाद मिल गई जमानत
क्या है पूरा मामला?
इस मामले को लेकर पुलिस की जानकारी के मुताबिक, घायल मोहम्मद फिरोज और उनके भांजे हर रोज की तरह 31 जुलाई को भी काम से लौटे थे। दोनों ने साथ मिलकर शराब पीना शुरू किया। इस दौरान मोहम्मद फिरोज दोनों के लिए पैग बना रहे थे। जब मोहम्मद फिरोज ने भांजे के लिए छोटा पैग बनाया तो वह गुस्सा हो गया। दोनों के बीच पैग के आकार को लेकर बहस होने लगी। इसके बाद दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।
जब पड़ोसियों ने मारपीट की आवाज सुनी तो वे लोग झगड़ा रोकने आए। उसी दौरान 12 साल का एक लड़का आरोपी से मोहम्मद फिरोज को बचाने लगा, तो आरोपी ने बच्चे के सिर पर भी वार कर दिया। साथ ही पीड़ित मोहम्मद को लोहे के तवे से कई बार मारा, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट लगी। मोहम्मद वहीं बेहोश हो गए, जिसके बाद आरोपी भांजा वहां से भाग गया।
यह भी पढ़ें: राम मंदिर ट्रस्ट के सचिव बने जगदीश आफले कौन हैं, क्या-क्या काम करेंगे?
पुलिस की नजरों से आरोपी फरार
जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो फिरोज घायल अवस्था में जमीन पर पड़े हुए थे। पुलिस ने फिरोज और 12 साल के किशोर को अस्पताल में भर्ती कराने के लिए भेज दिया। पीड़ित के परिवार ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए एक टीम बनाई है लेकिन अभी तक आरोपी की तलाश पूरी नहीं हो पाई है।
