उत्तर प्रदेश के कानपुर में रिटायर्ड पुलिस इंस्पेक्टर के घर हुई दिनदहाड़े लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में पता चला कि इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड परिवार का ही एक करीबी था। पुलिस के मुताबिक, रिटायर्ड इंस्पेक्टर के बड़े बेटे का साला प्रशांत बदमाशों को घर की पूरी जानकारी देता था। उसी ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है जबकि दो आरोपी अभी भी फरार हैं।

 

यह घटना कानपुर के श्याम नगर इलाके की है। सोमवार दोपहर रिटायर्ड पुलिस इंस्पेक्टर स्वर्गीय जय नारायण त्रिपाठी के घर उनकी बहू रचना और उनका बेटा मौजूद थे। इसी दौरान तीन बदमाश घर में घुस गए। बदमाशों ने दोनों को बंधक बनाकर रसोई में बंद कर दिया और हथियार के दम पर घर में रखे करीब 15 लाख रुपये के जेवर और नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और कॉल रिकॉर्ड की मदद से पूरे मामले की जांच आगे बढ़ाई।

 

यह भी पढ़ें: AC के चक्कर में एक ही कमरे में सोया था पूरा परिवार, बारिश में घर गिरा; 6 की मौत

घर के करीबी ने रची साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि बड़े बेटे का साला प्रशांत इस पूरी वारदात का मुख्य आरोपी है। उसे घर के हर सदस्य की दिनचर्या, घर में कौन कब रहता है और कीमती सामान कहां रखा है इसकी पूरी जानकारी थी। पुलिस के मुताबिक, प्रशांत ने सफीक और रफीक से संपर्क किया। बाद में कमल और विजय भी इस साजिश में शामिल हो गए। वारदात के बाद जब पुलिस जांच कर रही थी तब भी प्रशांत घर के बाहर बाइक पर बैठा रहा ताकि किसी को उस पर शक न हो।

दो बदमाश गिरफ्तार, दो की तलाश जारी

जांच के दौरान पुलिस सबसे पहले प्रशांत तक पहुंची। उससे पूछताछ के बाद बाकी आरोपियों की पहचान हुई। बुधवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि दो आरोपी लोडर गाड़ी से भाग रहे हैं। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सफीक और कमल के पैर में गोली लगी जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

 

यह भी पढ़ें: डाक विभाग की 'ढाई आखर' पत्र-लेखन प्रतियोगिता शुरू, विजेताओं को मिलेंगे 50 हजार

 

पुलिस के अनुसार, सफीक और कमल के खिलाफ पहले से कई अपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं रफीक और विजय अभी फरार हैं और उनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। जॉइंट पुलिस कमिश्नर विपिन टांडा ने बताया कि शुरुआती जांच में प्रशांत की भूमिका साफ सामने आई है। डीसीपी सत्यजीत गुप्ता ने कहा कि बाकी आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।